ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 में ऐसे हैं रोहित शर्मा के आंकड़े
क्या है खबर?
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 20 सितंबर से तीन टी-20 मैचों की सीरीज शुरू होने जा रही है। ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ भारत को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा।
आगामी टी-20 विश्व कप को देखते हुए इस टूर्नामेंट को काफी अहम माना जा रहा है। कप्तान रोहित शर्मा का इस सीरीज में प्रदर्शन काफी अहम रहने वाला है, वे बल्ले से गहरी छाप छोड़ना चाहेंगे।
आइये जानते हैं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कैसे हैं उनके आंकड़े।
आंकड़े
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित का प्रदर्शन
टी-20 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ रोहित ने अब तक 19 मैचों की 16 पारियों में 22.71 की औसत से कुल 318 रन बनाए हैं।
इस दौरान उनके बल्ले से तीन अर्धशतक भी निकले। रोहित कंगारूओं के खिलाफ टी-20 में अब तक शतक नहीं लगा सके हैं।
भारतीय कप्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 25 चौके और 15 छक्के लगाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज जेसन बेहरेनडॉर्फ ने रोहित को सबसे ज्यादा तीन बार आउट किया है।
घरेलू रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर रोहित के आंकड़े
रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर कुल नौ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। जिसमें उन्होंने 25.85 की औसत और 131.15 के स्ट्राइक रेट से कुल 181 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका उच्च स्कोर 60 का है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित घरेलू मैदानों पर दो अर्धशतक जमा चुके हैं। उन्होंने 16 चौके और छह छक्के भी लगाए हैं।
रोहित ने 2019 के बाद से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक भी टी-20 मैच नहीं खेला है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में रोहित (3,620) सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके बाद इस सूची मेंभारत के विराट कोहली (3,584), न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल (3,497) और आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग (3,011) हैं।
टक्कर
रोहित बनाम वर्तमान ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज
वर्तमान ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों में रोहित का एडम जंपा के खिलाफ रिकॉर्ड (दो पारी, नौ गेंद खेली, दो रन, दो बार आउट) सबसे खराब रहा है।
ग्लेन मैक्सवेल के खिलाफ छह पारियों में 25 गेंदों में 43 रन बनाए हैं और एक बार आउट हुए।
पैट कमिंस (चार पारी, 21 गेंद, 25 रन, एक आउट), जोश हेजलवुड (दो पारी, 10 गेंद, आठ रन) और केन रिचर्डसन (तीन पारी, 17 गेंद, 15 रन, एक आउट) के खिलाफ रोहित का प्रदर्शन औसत है।
टी-20 आंकड़े
ऐसा रहा है रोहित का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
रोहित की गिनती विश्व क्रिकेट के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में होती है।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में रोहित ने 136 मैचों की 128 पारियों में कुल 3,620 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 32.32 और स्ट्राइक रेट 140.63 का रहा है।
टी-20 में रोहित के नाम चार शतक और 28 अर्धशतक दर्ज हैं और उनका उच्च स्कोर 118 रनों का है।
वे अब तक 323 चौके और 171 छक्के भी लगा चुके हैं।