भारत बनाम वेस्टइंडीज: अभिषेक शर्मा ने लगाया अर्धशतक, पूरे किए अपने 2,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच में 69 रन की बेहतरीन पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का कुल 14वां और वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला अर्धशतक साबित हुआ। इस बीच उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर के 2,000 रन पूरे किए। उन्होंने होल्कर स्टेडियम में अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए ये पारी खेली। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही अभिषेक की पारी
अभिषेक ने पारी का तीसरा ओवर करने आए रोस्टन चेज के खिलाफ 2 छक्के और एक चौका लगाया।
उन्होंने इंदौर के मैदान पर कैरेबियाई गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।
इस बीच उन्होंने ईशान किशन (37) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 108 रन भी जोड़े।
आक्रामक अंदाज में खेलते हुए वह 30 गेंदों में 69 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के भी लगाए।
आंकड़े
अभिषेक ने सूर्यकुमार का रिकॉर्ड तोड़ा
अभिषेक ने अपने 2,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने के लिए 1,024 गेंदों का सहारा लिया।
वह गेंदों के लिहाज से सबसे तेज इस आंकड़े को छूने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने सूर्यकुमार यादव का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1,164 गेंदों में ये आंकड़ा पार किया था।
ऑस्ट्रेलिया के आरोन फिंच इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 1,283 गेंदों में 2,000 रन पूरे किए थे।
ग्लेन मैक्सवेल ने 1,304 गेंदों में ये आंकड़ा छूआ था।
छक्के
एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक छक्के वाले बल्लेबाज बने अभिषेक
अभिषेक के लिए 2026 अब तक शानदार बीता है। इस साल उन्होंने अब तक 32 पारियों में 29.70 की औसत और 206.50 की स्ट्राइक रेट के साथ 921 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 68 छक्के भी लगाए हैं।
क्रिकबज के मुताबिक, वह एक कैलेंडर वर्ष में संयुक्त रूप से सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने हैं।
बता दें कि सूर्यकुमार ने भी 2022 में 68 छक्के लगाए थे।