वेस्टइंडीज ने चौथे टी-20 में भारत को हराया, सीरीज में हासिल की 2-2 से बराबरी
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने चौथे टी-20 मैच में भारतीय क्रिकेट टीम को 24 रन से हराते हुए 5 मैचों की सीरीज में 2-2 से बराबरी हासिल की। हैदराबाद में खेले गए मैच में कैरेबियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 247/3 का स्कोर बनाया, जिसमें शाई होप ने शतक (102*) लगाया। जवाब में कीमो पॉल की घातक गेंदबाजी (5/41) के सामने भारतीय टीम 223 रन ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती वेस्टइंडीज की टीम
वेस्टइंडीज के कप्तान होप ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा और जेवेल एंड्र्यू (21) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 52 रन जोड़े।
शेरफेन रदरफोर्ड ने 26 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए और होप ने शतक लगाते हुए टीम का स्कोर 250 के करीब पहुंचाया।
जवाब में सैमसन और अभिषेक (26) की अच्छी शुरुआत के बाद ईशान किशन (6) और श्रेयस अय्यर (16) जल्दी आउट हुए।
इसके बाद तिलक (43) ने संघर्ष दिखाया, जो नाकाफी साबित हुआ।
होप
होप ने लगाया अपना तीसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक
होप ने पारी का तीसरा ओवर करने आए मयंक यादव के खिलाफ एक छक्का और एक चौका लगाया। उन्होंने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए सिर्फ 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
इस बीच उन्होंने शिमरोन हेटमायर के साथ दूसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े। उन्होंने पारी की आखिरी गेंद पर अपनी अपना शतक पूरा किया।
वह 50 गेंदों पर 102 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में उन्होंने 4 चौके और 9 छक्के लगाए।
रिकॉर्ड
होप ने गेल के इस रिकॉर्ड की बराबरी की
होप का यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कुल 16वां, 50+ रन का स्कोर है।
क्रिकबज के मुताबिक, वह वेस्टइंडीज की ओर से सर्वाधिक 50+ रन बनाने (संयुक्त रूप से) वाले बल्लेबाज बने हैं।
उन्होंने इस मामले में क्रिस गेल (14 अर्धशतक और 2 शतक) की बराबरी की है।
इनके बाद एविन लुईस ने 15 स्कोर और ब्रैंडन किंग ने 14 स्कोर, 50 या उससे अधिक रन के किए हैं।
रिकॉर्ड्स
शतक लगाकर होप ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
होप ने इस मैच से पहले सीरीज में 52, 102* और 5 रन के स्कोर किए थे। व
ह टी-20 सीरीज (पूर्ण सदस्यीय देशों की) में संयुक्त रूप से सर्वाधिक 50+ रन बनाने वाले कप्तान बने हैं।
बता दें कि विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ 2021 में, सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के विरुद्ध 2026 में, साहिबजादा फरहान ने श्रीलंका के खिलाफ 2026 में कप्तानी करते हुए 3-3 पारियों में 50+ रन बनाए थे।
सैमसन
सैमसन ने पूरे किए अपने 100 छक्के
जीत के लिए मिले 248 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सैमसन ने आक्रामक बल्लेबाजी की।
इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने पारी का दूसरा ओवर करने आए शमर जोसेफ के खिलाफ 2 छक्के और एक चौका लगाया।
उन्होंने रोस्टन चेज के ओवर में 2 चौके और 2 छक्के भी लगाए। उन्होंने 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
सैमसन अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 100 छक्के लगाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बने।
पारी
तिलक और नितीश रेड्डी ने खेली संघर्षपूर्ण पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने जब 97 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब तिलक क्रीज पर आए। उन्होंने दबाव की घड़ी में अच्छी बल्लेबाजी की।
वह 25 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए।
उन्होंने नितीश के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की।
रेड्डी 20 गेंदों में 41 रन बनाकर आउट हुए।
पॉल
कीमो पॉल ने लिए 5 विकेट
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज कीमो पॉल ने भारत की पारी के 5वें और अपने पहले ही ओवर में 2 बड़े विकेट लिए।
उन्होंने पहली गेंद पर सैमसन को आउट किया। इसके बाद चौथी गेंद पर ईशान किशन को पवेलियन की राह दिखाई।
इस गेंदबाज ने अपने चौथे ओवर के दौरान नितीश रेड्डी, प्रिंस यादव और अक्षर पटेल को आउट किया।
उन्होंने अपने 4 ओवर में 41 रन खर्च किए।