Page Loader
भारत बनाम श्रीलंका: रोहित शर्मा ने लगाया वनडे करियर का 51वां अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
रोहित शर्मा ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: X/@BCCI)

भारत बनाम श्रीलंका: रोहित शर्मा ने लगाया वनडे करियर का 51वां अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े

Sep 12, 2023
04:53 pm

क्या है खबर?

एशिया कप 2023 के सुपर-4 राउंड के चौथे मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ अर्धशतक लगाया। रोहित ने 48 गेंदों पर 110.42 की स्ट्राइक रेट से 53 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के भी लगाए। डुनिथ वेललेज ने उन्हें को बोल्ड किया। रोहित के वनडे में यह 51वां अर्धशतक है। इसके अलावा इस प्रारूप में उन्होंने 30 शतक भी लगाए हैं।

रिकॉर्ड

रोहित ने बनाए ये रिकॉर्ड

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज रोहित ने 22 रन बनाते ही वनडे में अपने 10,000 रन पूरे किए। सचिन तेंदुलकर (18,426), विराट कोहली (13,024), सौरव गांगुली (11,221), राहुल द्रविड़ (10,768) और महेंद्र सिंह धोनी (10,599) के बाद वह ऐसा करने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बने। 12वें ओवर में शुभमन गिल का विकेट गिरने के बाद विराट कोहली बल्लेबाज करने आए। रोहित और विराट ने वनडे प्रारूप में साझेदारी में 5,000 रन पूरे किए।

प्रदर्शन

एशिया कप में रोहित का प्रदर्शन

एशिया कप 2023 में रोहित ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ तीसरे मैच में 11 रन बनाए थे। टूर्नामेंट के 5वें मैच में नेपाल क्रिकेट टीम के खिलाफ रोहित ने 59 गेंदों पर नाबाद 74 रन की पारी खेली थी। उस दौरान उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के जड़े थे। सुपर-4 के तीसरे मैच में पाकिस्तान के खिलाफ रोहित ने 49 गेंदों पर 56 रन बनाए थे। उन्होंने गिल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 121 रन जोड़े थे।