भारत बनाम श्रीलंका, पहला टेस्ट: पांचवी बार नर्वस नाइंटीज में आउट हुए पंत, शतक से चूके

मोहाली में खेले जा रहे श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाजी की है। वह अपने टेस्ट करियर के पांचवे शतक से चूक गए और 96 रन बनाकर आउट हो गए। ये पांचवा ऐसा मौका है, जब पंत नर्वस नाइंटीज में आउट हुए हैं। अपनी पारी के दौरान उन्होंने श्रीलंकाई स्पिनरों की जमकर धुनाई की। पंत की पारी पर एक नजर डालते हैं।
टेस्ट क्रिकेट में पंत के अलावा मान्यताप्राप्त विकेटकीपर बल्लेबाजों में सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी ही पांच बार नर्वस नाइंटीज में आउट हुए हैं। पंत के नर्वस नाइंटीज के स्कोर इस प्रकार हैं: 92 बनाम वेस्टइंडीज, राजकोट, 2018 92 बनाम वेस्टइंडीज, हैदराबाद, 2018 97 बनाम ऑस्ट्रेलिया, सिडनी, 2021 91 बनाम इंग्लैंड, चेन्नई, 2021 96 बनाम श्रीलंका, मोहाली, 2022
जब भारत ने 175 के स्कोर पर हनुमा विहारी के रूप में अपना चौथा विकेट खोया, तब पंत बल्लेबाजी के लिए आए। पंत ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर 53 रन जोड़े। वहीं छठे विकेट के लिए उन्होंने रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी करके टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचाया। उन्होंने 97 गेंदों में नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से 96 रनों की आक्रामक पारी खेली।
पंत ने अपना टेस्ट डेब्यू अगस्त 2018 में किया था और उन्होंने अब तक अपने टेस्ट करियर में 42 छक्के लगा लिए हैं। अगस्त 2018 से अब तक टेस्ट में वह सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं।
पंत ने अपने घरेलू टेस्ट में 550 रन पूरे किए हैं। उन्होंने अब तक घर पर खेले सात मैचों की नौ पारियों में 550 रन हो गए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक भी लगाये हैं। पंत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने 1,000 रन पूरे कर लिए हैं। पहले खेलते हुए पंत ने 18 मैचों में 35.62 की औसत से 1,033 रन अपने नाम कर लिए हैं।
श्रीलंका के खिलाफ पहले दिन भारत ने अच्छा खेल दिखाया है और स्टम्प्स तक छह विकेट के नुकसान पर 357 रन बना लिए हैं। भारत के लिए ऋषभ पंत (96) के अलावा हनुमा विहारी ने अर्धशतक (58) लगाया है। वहीं विराट कोहली ने भी 45 रनों का योगदान दिया है। पहले दिन के खेल की समाप्ति तक क्रीज पर रविचंद्रन अश्विन (10*) और रविंद्र जडेजा (45*) बने हुए हैं।