एशिया कप 2023: भारत का श्रीलंका के खिलाफ वनडे में कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
एशिया कप क्रिकेट 2023 का आगाज 30 अगस्त से होने जा रहा है। पिछली बार यह टूर्नामेंट टी-20 फॉर्मेट में खेला गया था और इसे श्रीलंका ने अपने नाम किया था।
इस बार यह टूर्नामेंट वनडे फॉर्मेट में खेला जाएगा। पाकिस्तान और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में इसका आयोजन होगा। 4 मुकाबले पाकिस्तान में और 9 मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे।
ऐसे में आइए जानते हैं कि भारतीय क्रिकेट टीम का श्रीलंका के खिलाफ कैसा प्रदर्शन रहा है।
हेड टू हेड
भारत का श्रीलंका के खिलाफ पलड़ा रहा है भारी
भारत और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच अब तक 165 वनडे मैच खेले गए हैं। इसमें से 96 में भारतीय टीम को और 57 में श्रीलंका को जीत मिली है।
1 मैच टाई रहा है और 11 मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर 414 रन बनाया था।
सबसे छोटे स्कोर की बात करें तो वह 54 रन है। ऐसे में भारतीय टीम का श्रीलंका के खिलाफ पलड़ा भारी है।
जानकारी
एशिया कप में दोनों टीमों के आंकड़े
एशिया कप के वनडे फॉर्मेट में दोनों टीमों के बीच 19 मुकाबले हुए हैं। इनमें से 9 में भारत और 10 में श्रीलंका को जीत मिली है। टी-20 फॉर्मेट के 2 मैच में से 1 में भारत और 1 में श्रीलंका को जीत मिली है।
प्रदर्शन
सचिन तेंदुलकर ने श्रीलंका के खिलाफ बनाए हैं सबसे ज्यादा रन
वनडे क्रिकेट में श्रीलंका के खिलाफ भारत के लिए सबसे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर ने बनाए हैं। उन्होंने 84 वनडे मैच में 43.84 की औसत के साथ 3,113 रन बनाए हैं।
उन्होंने 138 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ 8 शतक और 17 अर्धशतक लगाए है।
दूसरे स्थान पर विराट कोहली हैं। उन्होंने 50 मैच में 64.17 की औसत से 2,503 रन बनाए हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने 67 मैच में 64.40 की औसत से 2,383 रन बनाए हैं।
विकेट
जहीर खान ने लिए हैं सबसे ज्यादा विकेट
श्रीलंका के खिलाफ भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट जहीर खान ने लिए हैं। उन्होंने 48 मैच में 32.19 की औसत से 66 विकेट झटके हैं।
हरभजन सिंह श्रीलंका के खिलाफ विकेट लेने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 47 मैच में 26.95 की औसत से 61 विकेट लिए हैं।
तीसरे स्थान पर अजीत अगरकर हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 25 मैच खेले हैं और 20.61 की औसत से 49 विकेट अपने नाम किए हैं।
जीत
एशिया कप के वनडे फॉर्मेट में किसने जीते हैं सबसे ज्यादा मैच?
श्रीलंकाई टीम ने एशिया कप के वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा मैचों में जीत दर्ज की है।
टीम ने 50 मैच खेले हैं और उसे 34 मुकाबलों में जीत मिली है। भारत (31) और पाकिस्तान(26) इस मामले में उससे पीछे हैं।
किसी भी अन्य टीम ने एशिया कप में 10 से ज्यादा मैच नहीं जीते हैं। घरेलू मैदान पर श्रीलंका का रिकॉर्ड शानदार है। इस टूर्नामेंट में घर में खेले गए 17 मैचों में से 14 मैच उसने जीते हैं।