Page Loader
भारत बनाम इंग्लैंड: अभिषेक शर्मा ने पहले टी-20 में खेली 79 रन की पारी, जानिए आंकड़े
जोरदार रही अभिषेक की पारी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत बनाम इंग्लैंड: अभिषेक शर्मा ने पहले टी-20 में खेली 79 रन की पारी, जानिए आंकड़े

Jan 22, 2025
10:12 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हराते हुए सीरीज में बढ़त हासिल की। कोलकाता के ईडन गार्डन में हुए मैच में भारत की जीत में अभिषेक शर्मा चमके, जिन्होंने 133 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ताबड़तोड़ अंदाज में अर्धशतकीय पारी (79) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सिर्फ दूसरा अर्धशतक रहा। आइए उनकी पारी और आंकड़ों के बारे में जानते हैं।

पारी 

जोरदार रही अभिषेक की पारी 

अभिषेक ने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी की और विपक्षी गेंदबाजों की खूब पिटाई की। इस बीच उन्होंने मार्क वुड के एक ओवर में लगातार 2 छक्के भी जड़े। तेजी से रन बटोर रहे अभिषेक ने सिर्फ 20 गेंदों में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा अर्धशतक पूरा किया। यह इंग्लैंड के खिलाफ उनके बल्ले से निकलने वाली पहली अर्धशतकीय पारी रही। वह 34 गेंदों पर 79 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल थे।

आंकड़े

ऐसा है अभिषेक का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर 

अभिषेक ने अब तक भारतीय टीम से 13 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें 27.91 की औसत और 183.06 की स्ट्राइक रेट के साथ 355 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं। बता दें कि अभिषेक ने 2024 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। वह भारत से वनडे और टेस्ट में अब तक नहीं खेल सके हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती भारतीय टीम 

इंग्लैंड ने फिल सॉल्ट (0) और बेन डकेट (4) के विकेट जल्दी खो दिए। खराब शुरुआत के बीच जोस बटलर ने अर्धशतकीय पारी (68) खेली और इंग्लैंड ने सभी विकेट खोकर 132 रन बनाए। भारत से वरुण चक्रवर्ती ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए। जवाब में भारत से संजू सैमसन (26) और अभिषेक की जोड़ी ने 41 रन की साझेदारी की। इसके बाद अभिषेक की पारी की मदद से भारत ने 12.5 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।

जानकारी

ईडन गार्डन स्टेडियम में भारतीय टीम की लगातार 7वीं जीत

यह भारतीय टीम की ईडन गार्डन स्टेडियम में लगातार 7वीं टी-20 जीत (2016-25) रही। किसी एक मैदान पर सर्वाधिक जीत का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम पर है, जिन्होंने कार्डिफ में 8 टी-20 जीते (2010-21) हैं।