LOADING...
भारत ने चौथे टी-20 में इंग्लैंड को हराकर बनाई अजेय बढ़त, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स 
भारतीय टीम को शानदार जीत मिली (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत ने चौथे टी-20 में इंग्लैंड को हराकर बनाई अजेय बढ़त, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स 

Jan 31, 2025
10:35 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच खेले गए चौथे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की टीम को 15 रनों से जीत मिली है। इसी के साथ उसने 5 मैचों की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 181/9 का स्कोर बनाया था। जवाब में इंग्लैंड की टीम 166 रन ही बना पाई। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।

लेखा-जोखा

मैच का लेखा-जोखा 

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला सही साबित हुआ और एक समय भारत के 5 बल्लेबाज 79 रन पर पवेलियन में थे। यहां से शिवम दुबे (53) और हार्दिक पांड्या (53) ने पारी संभाली और स्कोर 181/9 तक ले गए। जवाब में इंग्लैंड के लिए कोई भी बल्लेबाज मैच जिताऊ पारी नहीं खेल पाया। सबसे ज्यादा रन हैरी ब्रूक (51) ने बनाए। रवि बिश्नोई और हर्षित राणा ने 3-3 विकेट अपने नाम किए।

गेंदबाजी

इंग्लैंड के साकिब महमूद ने रचा इतिहास 

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज साकिब महमूद ने भारत की पारी के दूसरे ओवर में 3 बल्लेबाजों को आउट किया। उन्होंने संजू सैमसन, तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव को पवेलियन भेजा। इस ओवर में उन्होंने एक भी रन नहीं दिया। वह इंग्लैंड के पहले ऐसे गेंदबाज बने हैं, जिन्होंने एक ओवर में बिना रन दिए 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा है। भारत के खिलाफ पहली बार किसी गेंदबाज ने यह कारनामा किया है।

Advertisement

पारी

हार्दिक पांड्या ने जड़ा टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 5वां अर्धशतक

हार्दिक ने 30 गेंदों का सामना किया और 53 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 176.67 की रही। इस खिलाड़ी ने शिवम (53) के साथ मिलकर 45 गेंदों में 87 रन की साझेदारी निभाई। हार्दिक का इंग्लैंड के खिलाफ यह तीसरा अर्धशतक है। उन्होंने इस सीरीज में पहला अर्धशतक लगाया है। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 17 पारियों में 31.15 की औसत और 148.35 की स्ट्राइक रेट से 405 रन बनाए हैं।

Advertisement

पारी

शिवम ने इंग्लैंड के खिलाफ जड़ा पहला अर्धशतक 

शिवम ने 34 गेंदों का सामना किया और 53 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 155.88 की रही। हार्दिक और शिवम की साझेदारी के दम पर ही भारतीय टीम एक अच्छा स्कोर बनाने में सफल रही। शिवम ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा और इंग्लैंड के खिलाफ पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने अपने टी-20 करियर में 3,000 रन भी पूरे किए। अब उनके 3,046 रन हो गए हैं।

अर्धशतक

ब्रूक ने भारत के खिलाफ लगाया पहला अर्धशतक 

ब्रूक ने 26 गेंदों का सामना किया और 51 रन बनाए। उनके बल्ले से 5 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 196.15 की रही। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा और भारत के खिलाफ पहला अर्धशतक था। सीरीज में ब्रूक कुछ खास नहीं कर पाए थे। उन्होंने 17, 13 और 8 के स्कोर बनाए थे। इंग्लैंड के लिए उन्होने 43 मैच खेले हैं और इसकी 36 पारियों में 29.48 की औसत से 796 रन बनाए हैं।

जानकारी

डेब्यू पर हर्षित का कमाल 

पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेले हर्षित ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 33 रन खर्च किए और 3 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा बिश्नोई ने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती को 2 सफलता मिली।

Advertisement