Page Loader
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: रोहित शर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पूरे किए 200 छक्के, जानिए आंकड़े
रोहित शर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पूरे किए 200 छक्के (तस्वीर: एक्स/@ICC)

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: रोहित शर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पूरे किए 200 छक्के, जानिए आंकड़े

Jun 24, 2024
08:48 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2024 के 51वें मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। पारी का 5वां छक्का लगाते ही उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 200 छक्के पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं। उन्होंने कंगारू कप्तान पैट कमिंस की ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़कर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। आइए उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय के आंकड़े जानते हैं।

उपलब्धि

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 600 छक्के जड़ने वाले पहले बल्लेबाज

रोहित के अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 608 छक्के हो गए हैं। वह 600 छक्के पूरे करने वाले भी एकमात्र बल्लेबाज हैं। उनके अब टेस्ट में 84, वनडे में 323 और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 201 छक्के हो गए हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अन्य कोई बल्लेबाज 180 छक्के भी नहीं लगाया पाया है। न्यूजीलैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल 173 छक्कों के साथ दूसरे और जोस बटलर 137 छक्कों के साथ तीसरे पायदान पर हैं।

करियर

कैसा रहा है रोहित का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?

रोहित ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत 2007 के टी-20 विश्व कप से की थी। उन्होंने अब तक 157 मैच खेले हैं, जिसकी 149 पारियों में करीब 31 की औसत के साथ 4,122 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 121* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 5 शतक और 31 अर्धशतक भी लगाए हैं। टी-20 विश्व कप में उन्होंने 45 मैचों में 33.18 की औसत से 1,100 से अधिक रन बनाए हैं, जिसमें 11 अर्धशतक शामिल है।