
भारत के हेड कोच राहुल द्रविड़ की इंडियन प्रीमियर लीग में वापसी की संभावना- रिपोर्ट
क्या है खबर?
वनडे विश्व कप 2023 की समाप्ति के साथ ही भारत के हेड कोच राहुल द्रविड़ का कार्यकाल खत्म हो चुका है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा द्रविड़ का कार्यकाल बढ़ाया जाएगा या नहीं, इस बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
इस बीच खबर आई है कि द्रविड़ अपना अनुबंध बढ़ाने के लिए उत्सुक नहीं हैं।
द्रविड़ राष्ट्रीय टीम की बजाय इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ने की उम्मीद कर रहे हैं।
रिपोर्ट
द्रविड़ IPL फ्रेंचाइजी के संपर्क में
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट की मानें तो द्रविड़ 2 साल के अनुबंध के लिए IPL की कुछ फ्रेंचाइजी के संपर्क में हैं।
इसे लेकर एक सूत्र ने खुलासा किया, "द्रविड़ की IPL में वापसी की पूरी-पूरी संभावना है। उनकी एक फ्रेंचाइजी के साथ बातचीत चल रही है।"
द्रविड़ भारतीय क्रिकेट टीम के साथ अपना अनुबंध बढ़ाने के इच्छुक नहीं हैं। इसका कारण यह है कि वह बहुत अधिक यात्रा नहीं करना चाहते हैं।
भूमिका
NCA प्रमुख की भूमिका के लिए भी खुले हैं रास्ते
सूत्र के हवाले से बताया गया है कि द्रविड़ अब अपने परिवार के साथ जितना संभव हो उतना समय बिताने का इच्छुक हैं।
भारत के पूर्व कप्तान को या तो नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) प्रमुख की भूमिका या IPL के कोच की भूमिका निभाने में कोई आपत्ति नहीं है।
चूंकि, NCA बेंगलुरु में स्थित है, इसलिए द्रविड़ उस भूमिका के लिए ठीक हैं क्योंकि यह उन्हें ज्यादा समझौता किए बिना अपने परिवार के साथ रहने की अनुमति देता है।
बयान
द्रविड़ ने बोर्ड के सामने रखी अपनी इच्छा
बोर्ड सूत्र ने बताया, "द्रविड़ ने BCCI को सूचित किया है कि वह पूर्णकालिक कोच के रूप में बने रहने के इच्छुक नहीं हैं। लगभग 20 वर्षों तक उन्होंने एक खिलाड़ी के रूप में भारतीय टीम के साथ यात्रा की है। पिछले कुछ वर्षों से वह फिर से उसी कठिन दौर से गुजर रहे हैं। पहले की तरह उन्हें छिटपुट रूप से टीम को कोचिंग देने में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन फिर से पूर्णकालिक कोच के रूप में नहीं।"
कार्यकाल
द्रविड़ का कैसा रहा कार्यकाल?
द्रविड़ के कार्यकाल में भारतीय टीम 17 सीरीज जीतने में सफल रही। इस दौरान 4 सीरीज में उसे हार मिली और 2 सीरीज ड्रॉ रही।
उन्हीं के कार्यकाल के दौरान भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के दूसरे चरण और वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल तक पहुंचने में कामयाब रहा था।
द्रविड़ के कार्यकाल में भारत ने टी-20 विश्व कप 2022 में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था।