LOADING...
मैनचेस्टर टेस्ट: भारत ने पहली पारी में बनाए 358 रन, बेन स्टोक्स ने चटकाए 5 विकेट 
पंत ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

मैनचेस्टर टेस्ट: भारत ने पहली पारी में बनाए 358 रन, बेन स्टोक्स ने चटकाए 5 विकेट 

Jul 24, 2025
06:52 pm

क्या है खबर?

एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 के चौथे मैनचेस्टर टेस्ट में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 358 रन बनाए। ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर भारत से साई सुदर्शन (61), यशस्वी जायसवाल (58) और ऋषभ पंत (54) ने अर्धशतक लगाए। इंग्लैंड की ओर से बेन स्टोक्स सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 5 विकेट अपने नाम किए। आइए भारत की पारी पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

शार्दुल ठाकुर ने खेली उम्दा पारी 

पहले दिन के खेल की समाप्ति तक भारत का स्कोर 264/4 रहा था। ऐसे में दूसरे दिन रविंद्र जडेजा सिर्फ 20 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शार्दुल ठाकुर ने 88 गेंदों का सामना करते हुए 41 रन की उम्दा पारी खेली। उन्होंने वाशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर 7वें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी की। सुंदर 90 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए। डेब्यू करने वाले अंशुल कंबोज खाता भी नहीं खोल सके।

पंत 

चोट के बावजूद बल्लेबाजी करने उतरे पंत ने लगाया अर्धशतक 

मैच के पहले दिन 37 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर रिटायर्ट हर्ट होने वाले ऋषभ पंत दूसरे दिन ठाकुर के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का कुल 18वां और इंग्लैंड के खिलाफ 7वां अर्धशतक लगाया। उम्दा बल्लेबाजी करते हुए वह 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस संघर्षपूर्ण पारी में उन्होंने 75 गेंदों का सामना किया।

उपलब्धि 

WTC में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बने पंत 

अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान पंत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के सभी चक्र को मिलाकर सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। उन्होंने इस मामले में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा। पंत के नाम WTC में अब 67 पारियों में 43.34 की औसत के साथ 2,731 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 6 शतक और 16 अर्धशतक लगाए। बता दें कि WTC में रोहित ने 69 पारियों में 41.15 की औसत से 2,716 रन बनाए थे।

स्टोक्स 

स्टोक्स ने लिया 5 विकेट हॉल 

स्टोक्स ने शुभमन गिल (12) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने साई सुदर्शन (61) को अपना शिकार बनाया। इस तेज गेंदबाज ने शार्दुल ठाकुर को 41 रन के व्यक्तिगत स्कोर पवेलियन भेजा। उन्होंने वाशिंगटन सुंदर (27) को शॉट गेंद डालकर क्रिस वोक्स के हाथों कैच आउट कराया। अंशुल कंबोज (0) स्टोक्स के 5वें शिकार रहे। उन्होंने 24 ओवर में 72 रन देते हुए 5 विकेट लिए।