 
                                                                            #BirthdaySpecial: टेस्ट क्रिकेट में पुजारा द्वारा बनाए अदभुत रिकॉर्ड्स पर एक नजर
क्या है खबर?
टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा आज अपना 32वां जन्मदिन मना रहे हैं। पुजारा ने टेस्ट क्रिकेट में भारत को द वॉल के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ की कमी महसूस नहीं होने दी है। उन्होंने भारत और भारत के बाहर हर जगह अपनी बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों को परेशान किया है। आइए एक नजर डालते हैं टेस्ट में पुजारा द्वारा बनाए गए अदभुत रिकॉर्ड्स पर।
#1
एक पारी में सबसे ज़्यादा गेंदे खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं पुजारा
चेतेश्वर पुजारा ने 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रांची में 202 रनों की पारी खेली थी। इस दौरान पुजारा ने 525 गेंदों का सामना किया था और 672 मिनट का समय क्रीज पर बिताया था। इसके साथ ही पुजारा टेस्ट की एक पारी में सबसे ज़्यादा गेंदे खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बने थे। पुजारा से पहले यह रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम था जिन्होंने रावलपिंडी में पाकिस्तान के खिलाफ 495 गेंदों में 270 रनों की पारी खेली थी।
#2
सबसे तेज 1,000 टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं पुजारा
पुजारा ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत शानदार तरीके से की थी। 2013 में हैदराबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 204 रनों की पारी खेलते हुए पुजारा ने टेस्ट में अपने 1,000 रन पूरे किए थे। 11 मैचों की 18 पारियों में यह कारनामा करते हुए वह सबसे तेज 1,000 टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बने थे। उन्होंने सुनील गावस्कर के 11 मैचों की 21 पारियों के रिकॉर्ड को तोड़ा था।
#3
फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में सबसे ज़्यादा दोहरे शतक लगाने वाले भारतीय
पुजारा ने 2017 में सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए झारखंड के खिलाफ फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में अपना 12वां दोहरा शतक लगाया था। इसके साथ ही वह विजय मर्चेंट (11) को पीछे छोड़कर फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में सबसे ज़्यादा दोहरे शतक लगाने भारतीय बल्लेबाज बने थे। पुजारा ने हाल ही में कर्नाटक के खिलाफ खेलते हुए अपना 13वां फर्स्ट-क्लास दोहरा शतक लगाया है। इसके अलावा पुजारा 50 फर्स्ट-क्लास शतक लगाने वाले नौवें भारतीय बल्लेबाज भी हैं।
#4
भारत के एक फर्स्ट-क्लास सीजन में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
पुजारा ने फरवरी 2017 में बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के दौरान भारत के एक फर्स्ट-क्लास सीजन में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। 2016-17 सीजन में पुजारा ने 13 टेस्ट की 21 पारियों में छह शतकों और 89 की औसत की बदौलत 1,605 रन बनाए थे। उन्होंने 1964-65 सीजन में चंदू बोर्डे द्वारा 21 टेस्ट की 28 पारियों में बनाए गए 1,604 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा था।
करियर
अभी तक ऐसा रहा है पुजारा का इंटरनेशनल करियर
2010 में टेस्ट क्रिकेट के साथ इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले पुजारा ने ज़्यादातर समय टेस्ट खेलते ही बिताया है। अब तक खेले 75 टेस्ट में उन्होंने 49 से ज़्यादा की औसत के साथ 5,740 रन बनाए हैं। टेस्ट में पुजारा ने तीन दोहरे शतक, 18 शतक और 24 अर्धशतक लगाए हैं। 2013 में पुजारा ने अपना वनडे डेब्यू किया था, लेकिन 2014 के बाद वह वनडे नहीं खेल सके। पांच वनडे मैचों में उन्होंने 51 रन बनाए हैं।