Page Loader
सूर्यकुमार यादव को ICC ने चुना 'टी-20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर'
सूर्यकुमार यादव को ICC ने चुना 'टी-20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर' (तस्वीर: एक्स/@ICC)

सूर्यकुमार यादव को ICC ने चुना 'टी-20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर'

Jan 24, 2024
01:22 pm

क्या है खबर?

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सूर्यकुमार यादव को 2023 के लिए 'टी-20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर' चुना है। उन्होंने बीते साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जोरदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन, युगांडा के अल्पेश रमजानी और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा को पीछे छोड़ते हुए ये सम्मान हासिल किया है। साल 2023 में सूर्यकुमार टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन (पूर्ण सदस्य देशों में) बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।

ट्विटर पोस्ट

Twitter Post

आंकड़े

शानदार रहा था सूर्यकुमार का प्रदर्शन

बीते साल सूर्यकुमार ने 18 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में इस साल सूर्यकुमार ने 48.86 की औसत और 156 की बेहतरीन स्ट्राइक रेट के साथ 733 रन बनाए। इस बीच उनके बल्ले से 2 शतक और 5 अर्धशतक निकले। भारतीय बल्लेबाजों में सूर्यकुमार के बाद यशस्वी जायसवाल (430) रहे। पिछले साल UAE के मोहम्मद वसीम (806) और युगांडा के रोजर मुकासा (738) ने ही उनसे ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए।

उपलब्धि 

सूर्यकुमार ने हासिल की ये उपलब्धि 

सूर्यकुमार पहले ऐसे खिलाड़ी बने हैं, जिन्हे ICC ने 2 बार साल का सबसे बेहतरीन टी-20 क्रिकेटर चुना है। बता दें कि 2022 में अविश्वसनीय प्रदर्शन के लिए सूर्यकुमार को 'टी-20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर' चुना गया था। सूर्यकुमार ने पिछले साल की शुरुआत में जनवरी में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 112* रन बनाए थे। उन्होंने दिसंबर 2023 में दक्षिण अफ्रीका में 100 रन की पारी खेली थी। 2023 में उनके अलावा सिर्फ फिल साल्ट ने 2 शतक लगाए।

प्रदर्शन

कैसा रहा था रमजानी और चैपमैन का प्रदर्शन? 

चैपमैन ने 2023 में 17 पारियों में 50.54 की औसत और 145.54 की स्ट्राइक रेट से 556 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाए थे। बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी करने वाले रमजानी ने पिछले साल 30 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 8.98 की औसत और 4.77 की इकॉनमी रेट से 55 विकेट लिए थे। बल्लेबाजी में उन्होंने 28.06 की औसत और 132.44 की स्ट्राइक रेट के साथ 449 रन बनाए।

रजा

सिकंदर रजा के लिए भी शानदार रहा था पिछला साल

रजा ने 2023 में अपने आलराउंड प्रदर्शन से कमाल किया था। उन्होंने 12 टी-20 मैचों में 51.50 की औसत और 150.14 की स्ट्राइक रेट से 515 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 82* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 6 अर्धशतक भी लगाए। वह पिछले साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने देश से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। गेंदबाजी में उन्होंने 14.88 की औसत और 6.57 की इकॉनमी रेट से 17 विकेट चटकाए थे।