गौतम गंभीर बोले- 2023 विश्व कप में फिट नहीं बैठते धोनी, कोहली को दिखानी चाहिए हिम्मत
क्या है खबर?
क्रिकेटर से नेता बने पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज़ गौतम गंभीर अपनी बेबाक टिप्पणियों के लिए जाने जाते हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम को लेकर अक्सर कई मुद्दों पर अपनी बात रखने वाले गंभीर ने अब एमएस धोनी के संन्यास को लेकर बड़ा बयान दिया है।
गंभीर का मानना है कि धोनी 2023 विश्व कप के लिए फिट नहीं बैठते हैं। ऐसे में कप्तान कोहली को हिम्मत दिखाते हुए कहना चाहिए कि ये खिलाड़ी भविष्य की योजनाओं में फिट नहीं बठा रहा।
बातचीत
मुझे नहीं लगता कि धोनी 2023 विश्व कप खेलेंगे- गंभीर
'इंडियन एक्सप्रेस' से बातचीत में गंभीर ने कहा, "मुझे लगता है कि संन्यास का फैसला निजी होता है। जब तक आप खेलना चाहते हैं, आपको खेलने दिया जाता है। लेकिन आपको भविष्य की ओर भी देखना होता है।"
उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि धोनी 2023 विश्व कप खेलेंगे। ऐसे में चाहे कोई भी कप्तान हो, विराट कोहली हों या कोई और, उसे हिम्मत दिखाते हुए ये कहना चाहिए कि ये खिलाड़ी भविष्य की योजना में फिट नहीं बैठ रहा।"
रिप्लेसमेंट
अब धोनी से आगे देखना का वक्त आ गया है- गंभीर
गंभीर ने आगे कहा, "वक्त आ गया है कि अगले चार से पांच साल कुछ युवा खिलाड़ियों को तराशने का काम किया जाए। यहां बात धोनी की नहीं है, बल्कि देश की है। विश्व कप जीतने की बात है। आप ऋषभ पंत या संजू सैमसन को मौका दे सकते हैं या किसी भी युवा क्रिकेटर को, उन्हें मौका मिलना चाहिए।"
साथ ही गंभीर ने कहा कि मुझे लगता है कि अब धोनी से आगे देखना का वक्त आ गया है।
पुराना मामला
इससे पहले सुरेश रैना ने भी धोनी के संन्यास पर रखी थी अपनी बात
बता दें कि गंभीर से पहले हाल ही में मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज़ सुरेश रैना ने भी धोनी के संन्यास पर अपने विचार व्यक्त किए थे।
रैना ने कहा था कि धोनी में अभी बहुत क्रिकेट बचा है और वह अगले साल होने वाले 2020 टी-20 विश्व कप में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
रैना ने कहा था, "धोनी अभी फिट हैं और क्रिकेट के अद्भुभुत फिनिशर हैं। टी-20 विश्व कप में वह भारत के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।"
एमएस धोनी
2019 विश्व कप के बाद से भारतीय टीम से बाहर हैं धोनी
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पूर्व भारतीय कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज़ एमएस धोनी आखिरी बार 2019 क्रिकेट विश्व कप में भारतीय टीम के लिए खेलते दिखे थे।
इसके बाद धोनी ने BCCI से दो महीने की छुट्टी ली थी। इस बीच वह सेना में ट्रेनिंग लेने के लिए जम्मू एंड कश्मीर भी गए थे, जहां उन्होंने टेरिटोरियल आर्मी यूनिट के साथ 15 दिन बिताए।
इसी कारण धोनी ने वेस्टइंडीज दौरे पर खुद को चयन से दूर रखा था।
जानकारी
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज़ भी नहीं खेले थे धोनी
बता दें कि धोनी वेस्टइंडीज के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज़ के बाद इसी महीने संपन्न हुई दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज़ भी नहीं खेले थे। चीफ सेलेक्टर एमएसके प्रसाद ने बताया था कि धोनी ने खुद को चयन से दूर रखा था।
आलोचना
2019 विश्व कप में खराब प्रदर्शन के कारण हुई थी धोनी की आलोचना
2019 विश्व कप में धोनी आठ पारियों में सिर्फ 273 रन ही बना सके थे। साथ ही टूर्नामेंट में धोनी ने अफगानिस्तान, इंग्लैंड, बांग्लादेश और सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ परिस्थिति के विपरीत काफी धीमी बल्लेबाज़ी भी की थी। कई मैचों में वह स्ट्राइक रोटेट करने में भी संघर्ष करते दिखाई दिए थे।
धोनी के इस प्रदर्शन के बाद से ही उनकी रिटायरमेंट की खबरें जोरो पर थी। साथ ही उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा था।
वापसी
नवंबर में हो सकती है धोनी की वापसी
यह साफ हो गया है कि धोनी अगले साल होने वाले 2020 टी-20 विश्व कप से पहले संन्यास नहीं लेंगे। साथ ही मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इसी साल नवंबर में वह टीम में वापसी भी कर सकते हैं।
हालांकि, कई रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि धोनी चोटिल हैं और इसी कारण भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं।
ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि धोनी कब भारतीय टीम में वापसी करते हैं।