हार्दिक पांड्या का IPL में बतौर कप्तान कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 से पहले गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान हार्दिक पांड्या की घर वापसी हो सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह अगले सीजन अपनी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेल सकते हैं।
अगर ऐसा होता है तो हार्दिक फिर से रोहित शर्मा की कप्तानी में खेलते हुए नजर आएंगे।
हालांकि, हार्दिक को रोहित के बाद MI की कप्तानी सौंपी जा सकती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि कप्तानी में उनके आंकड़े कैसे हैं।
आंकड़े
IPL में बतौर कप्तान हार्दिक का प्रदर्शन
GT ने हार्दिक को 2022 में 15 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने पहले ही सत्र में GT को चैंपियन बना दिया।
IPL 2023 में GT को फाइनल में चेन्नई ने हराया और टीम उपविजेता रही।
हार्दिक की कप्तानी में GT ने 31 में से 22 मुकाबले जीते हैं और 9 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
बतौर कप्तान हार्दिक ने 133.49 की स्ट्राइक रेट से 833 रन बनाए। साथ ही 6 अर्धशतक लगाए और 11 विकेट लिए।
प्रदर्शन
IPL में हार्दिक का प्रदर्शन
2015 से IPL खेल रहे हार्दिक ने अपने करियर में अब तक 123 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 115 पारियों में उन्होंने 30.38 की औसत और 145.86 की स्ट्राइक रेट से 2,309 रन बनाए हैं।
लीग में उन्होंने 10 अर्धशतक भी लगाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 91 रन है।
साथ ही 81 पारियों में उन्होंने 33.26 की औसत और 8.80 की इकॉनमी से 53 विकेट अपने नाम किए हैं। 3/17 IPL में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।