Page Loader
रोहित शर्मा का एशिया कप में कैसा रहा है प्रदर्शन?
एशिया कप 2022 में भारत की कप्तानी करेंगे रोहित (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

रोहित शर्मा का एशिया कप में कैसा रहा है प्रदर्शन?

Aug 20, 2022
09:02 am

क्या है खबर?

एशिया कप 2022 को शुरू होने में अब लगभग एक हफ्ते का समय बचा है। भारतीय क्रिकेट टीम इस टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 28 अगस्त को पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा इस टूर्नामेंट में अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन करना चाहेंगे। भारतीय टीम उनसे उम्दा बल्लेबाजी की उम्मीद करेगी। इस बीच रोहित के एशिया कप में अब तक किए प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

एशिया कप में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय हैं रोहित

रोहित ने अब तक एशिया कप में कुल 27 मैच खेले हैं, जिसमें 42.04 की औसत और 90 की स्ट्राइक रेट से 883 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 111* के सर्वोच्च स्कोर के साथ एक शतक और सात अर्धशतक भी लगाए हैं। वह सक्रिय खिलाड़ियों में इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। रोहित एशिया कप में सचिन तेंदुलकर (971) के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय हैं।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरे सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज हैं रोहित

रोहित टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस फॉर्मेट में अब तक खेले 132 मैचों में 32.28 की औसत और लगभग 140 की स्ट्राइक-रेट के साथ 3,487 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने चार शतक और 27 अर्धशतक लगाए हैं। हाल ही मार्टिन गुप्टिल (3,497) ने रोहित को सर्वाधिक रनों के मामले में पीछे छोड़ा है। विराट कोहली (3,308) तीसरे स्थान पर हैं।

रिकॉर्ड्स

एशिया कप 2022 में ये अहम रिकॉर्ड्स बना सकते हैं रोहित

रोहित एशिया कप में अपने 1,000 रन पूरा कर सकते हैं और ऐसा करने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बन सकते हैं। इस बीच वह रनों के मामले में सचिन तेंदुलकर (971) को भी पीछे छोड़ सकते हैं। रोहित टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 3,500 का आंकड़ा छूने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बन सकते हैं। इस बीच वह गुप्टिल (3,497) से आगे निकलकर टी-20 अंतरराष्ट्रीय में फिर से सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

आखिरी बार साल 2018 में UAE में एशिया कप खेला गया था, जिसमे रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने खिताब जीता था। फाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को तीन विकेट से हराया था।