Page Loader
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी: स्टीव स्मिथ का भारतीय जमीन पर कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 
मौजूदा टेस्ट सीरीज में कोई बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं स्टीव स्मिथ (तस्वीर: ट्विटर/@cricketcomau)

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी: स्टीव स्मिथ का भारतीय जमीन पर कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 

Feb 22, 2023
06:25 pm

क्या है खबर?

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को शुरुआती दो टेस्ट में शिकस्त मिली है। मेहमान टीम को अपने प्रमुख बल्लेबाज स्टीव स्मिथ से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी, जो अब तक नाम के अनुरूप बल्लेबाजी नहीं कर सके हैं। वह दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट में दोनों पारियों में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके थे। आइए उनके भारत में किए गए प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

भारत में प्रदर्शन 

भारत में स्मिथ ने 52 की औसत से बनाए हैं रन 

स्मिथ को भारत में खेलना बेहद पसंद है। उन्होंने भारत में अब तक 8 टेस्ट खेल लिए हैं, जिसमें 52.21 की औसत से 731 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 3 शतक और 1 अर्धशतक बनाए हैं। एशियाई जमीन पर स्मिथ ने 20 टेस्ट खेल लिए हैं, जिसमें उन्होंने 48.47 की औसत से 1,648 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 8 अर्धशतक अपने नाम किए हैं।

स्मिथ बनाम अश्विन 

अश्विन ने 8 बार लिया है स्मिथ का विकेट 

इस सीरीज में अब तक अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के खिलाफ स्मिथ को संघर्ष करना पड़ा है। पिछले टेस्ट की दोनों पारियों में अश्विन ने उन्हें आउट किया था। क्रिकइन्फो के अनुसार, अश्विन ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2020-21 में तीन मौकों पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान को आउट किया था। दूसरी तरफ स्मिथ ने अश्विन के खिलाफ 23 पारियों में 421 रन बनाए हैं। इस बीच उनका औसत 52.62 का रहा है।

स्मिथ बनाम भारत 

भारत के खिलाफ कैसा रहा है स्मिथ का प्रदर्शन?

स्मिथ ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 16 टेस्ट खेल लिए हैं, जिसमें 67.14 की औसत से 1,813 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 192 के सर्वोच्च के साथ 8 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं। वह भारत के खिलाफ चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज हैं। इस सूची में उनसे ज्यादा रन रिकी पोंटिंग (2,555), माइकल क्लार्क (2,049) और मैथ्यू हेडन (1,888) ने बनाए हैं।

टेस्ट करियर 

बेमिसाल रहा है स्मिथ का टेस्ट करियर 

स्मिथ टेस्ट में निरंतर रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने एक दशक से ज्यादा लम्बे टेस्ट करियर में उन्होंने 94 टेस्ट मैचों में 60.12 की औसत से 8,718 रन बना लिए हैं। इस बीच वह 30 शतक और 37 अर्धशतक लगा चुके हैं। स्मिथ मौजूदा दौरे में अब तक कोई बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं। उन्होंने पहले नागपुर में 37 और 25* के स्कोर किए थे। इसके बाद दूसरे टेस्ट में उनके स्कोर 0 और 9 रहे थे।