LOADING...
ऋषभ पंत का IPL में SRH के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? आंकड़ों से जानिए
ऋषभ पंत का IPL में SRH के खिलाफ प्रदर्शन शानदार रहा है (तस्वीर: एक्स@IPL)

ऋषभ पंत का IPL में SRH के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? आंकड़ों से जानिए

Apr 04, 2026
02:22 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में रविवार (5 अप्रैल) को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से होगा। यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। इसमें सबकी निगाहें LSG के कप्तान ऋषभ पंत पर होंगी, जो अपने पहले मैच में नाकाम रहे थे। हालांकि, पंत का IPL में SRH खिलाफ प्रदर्शन शानदार रहा है। ऐसे में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। आइए उनके SRH के खिलाफ प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

आंकड़े

SRH के खिलाफ 550 से अधिक रन बना चुके हैं पंत

ESPN क्रिकइंफो के अनुसार, पंत ने SRH के खिलाफ 18 मैचों में 558 रन बनाए हैं। IPL की किसी भी अन्य टीम के खिलाफ किसी विकेटकीपर बल्लेबाज ने इतने रन नहीं बनाए हैं। SRH के खिलाफ पंत की औसत 39.85 की है, जो टीम के खिलाफ कम से कम 500 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में 5वीं सर्वश्रेष्ठ है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज की SRH के खिलाफ स्ट्राइक रेट भी 144.18 की है, जो काफी बेहतरीन है।

शतक

SRH के खिलाफ शतक जड़ चुके हैं पंत

पंत का SRH के खिलाफ एकमात्र 50+ स्कोर 2018 में एक ऐतिहासिक शतक था। दिल्ली डेयरडेविल्स (अब कैपिटल्स) के लिए नंबर 4 पर बल्लेबाजी करते हुए पंत ने नाबाद 128(63) रन की पारी खेली थी। हालांकि, इसके बाद भी उनकी टीम को हार झेलनी पड़ी थी। उनके अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज 25 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया था। पंत के 128 रन उस समय किसी भारतीय द्वारा IPL के खेली गई सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी थी।

Advertisement

जानकारी

राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पंत के आंकड़े

पंत ने SRH के खिलाफ 18 पारियों में 9 बार 30 रन का आंकड़ा पार किया है। SRH के घेरलू मैदान राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पंत के आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने 5 मैचों में 23.75 के औसत से 95 रन बनाए हैं।

Advertisement

करियर

कैसा रहा है पंत का IPL करियर?

पंत ने अपना पहला IPL मैच साल 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ खेला था। उन्होंने 126 मैच खेले हैं, जिसकी 124 पारियों में 33.90 की औसत और 147.35 की स्ट्राइक रेट से 3,560 रन बनाए हैं। वह 2 शतक के अलावा 19 अर्धशतक भी लगा चुके हैं। उनके बल्ले से 320 चौके और 170 छक्के निकले हैं। वह LSG से पहले DC की टीम के कप्तान भी रह चुके हैं। कप्तान के तौर पर उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली।

Advertisement