Page Loader
IPL के एक मैच में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी 
रोमारियो शेफर्ड ने धमाकेदार बल्लेबाजी की थी (तस्वीर: एक्स/@mipaltan)

IPL के एक मैच में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी 

Apr 08, 2024
03:55 pm

क्या है खबर?

मुंबई इंडियंस (MI) के ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने 7 अप्रैल को 2024 को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ धमाकेदार पारी खेली और दर्शकों का दिल जीत लिया। इस खिलाड़ी ने सिर्फ 10 गेंदों में 39* रन बनाए, जिससे MI ने 20 ओवरों में 234/5 का स्कोर खड़ा किया। उन्होंने 390 की स्ट्राइक रेट से मैच में बल्लेबाजी की। ऐसे में आइए IPL एक मैच में सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट वाले बल्लेबाजों पर एक नजर डालते हैं।

#1

 रोमारियो शेफर्ड: 390 बनाम दिल्ली, IPL 2024 

रोमारियो MI के लिए 17.5 ओवर में हार्दिक पांड्या (181/5) के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे। उनके साथ टिम डेविड थे, जिन्होंने उनका अच्छा साथ निभाया। डेविड ने 21 गेंद का सामना किया और 45* रन बनाए। रोमारियो ने आखिरी ओवर में एनरिक नोर्खिया को 4 छक्के और 2 चौके जड़ दिए। उनकी स्ट्राइक रेट 390 की रही, जो अब एक IPL पारी में कम से 10 गेंद खेलने वाले खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा है।

#2

पैट कमिंस: 373.33 बनाम मुंबई, IPL 2022

IPL 2022 के 14वें मैच में MI का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से हुआ था। MI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रन बनाए थे। तब पैट कमिंस KKR की टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 15 गेंद में 56* रन बना दिए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 373.33 की रही थी। कमिंस ने केएल राहुल के सबसे तेज अर्धशतक (14 गेंद) की बराबरी भी की थी। इस रिकॉर्ड को यशस्वी जायसवाल (13 गेंद) ने बाद में तोड़ दिया था।

#3

एबी डिविलियर्स: 372.72 बनाम मुंबई, IPL 2015 

IPL 2015 के 16वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का मुकाबला MI से था। पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने 7 विकेट खोकर 209 रन बना दिए थे। जवाब में 97 रन तक RCB के 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। यहां से एबी डिविलियर्स ने सिर्फ 11 गेंद में 41 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 5 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 372.72 की रही। हालांकि, यह मुकाबला RCB 18 रन से हार गई थी।

#4

आंद्रे रसेल: 369.23 बनाम RCB, IPL 2019

IPL 2019 का 17वां मुकाबला RCB और KKR के बीच खेला गया था। RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रन बना दिए थे। जवाब में एक समय KKR के 5 बल्लेबाज 153 रन पर पवेलियन लौट गए थे। यहां से आंद्रे रसेल का तूफान आया। उन्होंने सिर्फ 13 गेंद का सामना किया और 48 रन बना दिए। उनके बल्ले से 1 चौका और 7 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 369.23 की रही। KKR ने 5 विकेट से मैच जीता।

#5

क्रिस गेल: 350 बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, IPL 2015

RCB के दिग्गज खिलाड़ी रहे क्रिस गेल ने IPL 2015 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ ताबड़तोड़ पारी खेली थी। उन्होंने सलामी बल्लेबाज के तौर पर सिर्फ 10 गेंद में 35 रन बना दिए थे। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेली गई इस पारी में उनकी स्ट्राइक रेट 350 की थी। उन्होंने विराट कोहली के साथ मिलकर 83 रन के लक्ष्य (डकवर्थ लुईस नियम) को 5.5 ओवर में हासिल कर लिया था।