LOADING...
टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका की ओर से सर्वोच्च पारी खेलने वाले बल्लेबाज
मुल्डर ने लगाया तिहरा शतक (तस्वीर: एक्स/@ProteasMenCSA)

टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका की ओर से सर्वोच्च पारी खेलने वाले बल्लेबाज

Jul 07, 2025
05:24 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम की कप्तानी कर रहे वियान मुल्डर ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ इतिहास रच दिया। उन्होंने सीरीज के दूसरे टेस्ट में तिहरा शतक (367*) लगाया। वह दक्षिण अफ्रीका की ओर से सर्वोच्च पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने। वह अपने देश की ओर से तिहरा शतक लगाने वाले पहले कप्तान भी बन गए। इस बीच प्रोटियाज टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।

#1 

वियान मुल्डर (367* रन बनाम जिम्बाब्वे, 2025)

मुल्डर ने अपनी पहली पारी में 334 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 367 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 49 चौके और 4 छक्के लगाए। कप्तानी में डेब्यू करते हुए मुल्डर तिहरा शतक लगाने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बने। उनकी इस पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पारी 626/5 के स्कोर पर घोषित की। इस बीच उन्होंने ल्हुआन-ड्रे प्रीटोरियस (78) के साथ 217 रन की साझेदारी की।

जानकारी

गेंदों के लिहाज से दूसरा सबसे तेज तिहरा शतक

मुल्डर अब दूसरे सबसे तेज तिहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने 297 गेंदों में यह कीर्तिमान हासिल किया। बता दें कि सबसे तेज तिहरा शतक जड़ने का विश्व रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग (278 गेंद, बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2007-08) के नाम पर दर्ज है।

Advertisement

#2 

हाशिम अमला (311* रन बनाम इंग्लैंड, 2012)

हाशिम अमला दक्षिण अफ्रीका की ओर से तिहरा शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ ओवल के मैदान पर अपनी पहली पारी में 529 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 311 रन बनाए थे। अपनी इस मैराथन पारी में उन्होंने 35 चौके लगाए थे। उनकी बदौलत मेहमान टीम ने अपनी पारी 637/2 के स्कोर पर घोषित की थी। दक्षिण अफ्रीका ने वो मैच पारी और 12 रन से जीता था।

Advertisement

#3 

एबी डिविलियर्स (278* रन बनाम पाकिस्तान, 2010)

पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने पाकिस्तान के खिलाफ 2010 में उल्लेखनीय पारी खेली थी। उन्होंने अबू धाबी में खेले गए मैच में अपनी पहली पारी में पाकिस्तानी गेंदबाजों को अपने विकेट के लिए तरसा दिया था। उन्होंने 418 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 278 रन बनाए। उनकी पारी की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी 584/9 के स्कोर पर घोषित की थी। आखिर में वो मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।

#4 

ग्रीम स्मिथ (277 रन बनाम इंग्लैंड, 2003)

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ ने 2003 में इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में 277 रन की पारी खेली थी। उन्होंने 373 गेंदों का सामना करते हुए अपनी पारी में 35 चौके लगाए थे। उनकी बदौलत प्रोटियाज टीम ने 594/5 के स्कोर पर पारी घोषित की थी। स्मिथ ने दूसरी पारी में 85 रन बनाए थे। उस मैच को इंग्लिश टीम ड्रॉ कराने में सफल रही थी।

Advertisement