सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली महिला हैं मिताली, जानें उनके अदभुत रिकॉर्ड्स
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वनडे कप्तान मिताली राज को महिला क्रिकेट के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक माना जाता है। महिला क्रिकेट की दिग्गज मिताली आज 39 साल की हो गई हैं। मिताली लगातार भारत के लिए खेल रही हैं और फिलहाल उनका संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है। आइए जानते हैं बर्थडे गर्ल मिताली द्वारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बनाए गए कुछ अदभुत रिकॉर्ड्स।
सचिन के बाद मिताली का वनडे करियर है सबसे लंबा
26 जून, 1999 को भारत के लिए वनडे डेब्यू करने वाली मिताली का वनडे करियर विश्व क्रिकेट में दूसरा सबसे बड़ा करियर है। उनसे अधिक समय तक केवल सचिन तेंदुलकर ने ही वनडे क्रिकेट खेला है। पुरुष क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन ने 22 साल और 91 दिन तक वनडे क्रिकेट खेला है। इस साल की शुरुआत में मिताली ने सनथ जयसूर्या को पछाड़कर दूसरा स्थान हासिल किया था।
सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली महिला हैं मिताली
इस साल मार्च में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में मिताली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 10,000 रन पूरे किए थे। ऐसा करने वाली वह दुनिया की दूसरी और भारत की पहली महिला क्रिकेटर बनी थीं। मिताली (10,454) ने इसके बाद इंग्लैंड की पूर्व महिला क्रिकेटर चार्लोट एडवर्ड्स (10,273) द्वारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बनाए गए सबसे अधिक रनों के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। अब मिताली सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली महिला हैं।
महिला वनडे में सबसे अधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं मिताली
220 वनडे की 199 पारियों में 7,391 रन बनाने वाली मिताली महिला वनडे में सबसे अधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। उन्होंने 51.32 की औसत से ये रन बनाए हैं। वह महिला वनडे में 6,000 और 7,000 रन बनाने वाली भी इकलौती बल्लेबाज हैं। मिताली ने महिला वनडे में सबसे अधिक 59 अर्धशतक लगाए हैं और 50 या उससे अधिक अर्धशतक लगाने वाली इकलौती बल्लेबाज हैं। वह सबसे अधिक 55 बार नाबाद रहने वाली भी बल्लेबाज हैं।
मिताली द्वारा बनाए गए अन्य रिकॉर्ड्स
मिताली ने अपने डेब्यू वनडे में नाबाद 114 रनों की पारी खेली थी। वह डेब्यू वनडे में शतक लगाने वाली पांच में से एक महिला क्रिकेटर हैं। वह सबसे कम उम्र में वनडे शतक लगाने वाली महिला क्रिकेटर हैं। वह 200 या उससे अधिक वनडे खेलने वाली इकलौती महिला क्रिकेटर हैं। वह सबसे अधिक 138 वनडे में कप्तानी करने वाली महिला क्रिकेटर हैं। उन्होंने बेलिंडा क्लार्क (83) के साथ संयुक्त रूप से सबसे अधिक वनडे जीते हैं।
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
श्रीलंका के खिलाफ मिताली ने वनडे में दमदार प्रदर्शन किया है। श्रीलंका के खिलाफ उनका बल्लेबाजी औसत 157.57 का रहा है। उन्होंने तीन शतक और आठ अर्धशतकों के साथ 1,103 रन बनाए हैं।