Page Loader
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज हामिश बेनेट ने संन्यास का ऐलान किया, खेलेंगे आखिरी सीजन
बेनेट ने संन्यास का ऐलान किया (तस्वीर- Twitter/@BLACKCAPS)

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज हामिश बेनेट ने संन्यास का ऐलान किया, खेलेंगे आखिरी सीजन

Apr 12, 2022
04:26 pm

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज हामिश बेनेट ने सभी तरह के क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। उन्होंने घोषणा की है कि 2021-22 सीजन उनके घरेलू करियर का अखिरी सीजन होगा। बता दें बेनेट न्यूजीलैंड की ओर से खेल के तीनों प्रारूपों में कुल 31 मैच खेल चुके हैं और उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला पिछले साल सितंबर में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान

संन्यास की घोषणा पर बेनेट ने NZC का आभार व्यक्त किया

बेनेट ने संन्यास के ऐलान पर अपने घरेलू क्रिकेट क्लब से लेकर न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) का आभार व्यक्त किया है। इसके अलावा उन्होंने अपने करियर के दौरान मिले सभी कोचों और खिलाड़ियों को धन्यवाद कहा है। 35 वर्षीय बेनेट ने कहा, "मैं इतने महान खिलाड़ियों, कप्तानों और कोचों के साथ खेलने के लिए खुद को भाग्यशाली समझता हूं और मैं उन सभी को समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।"

अंतरराष्ट्रीय करियर

ऐसा रहा बेनेट का अंतरराष्ट्रीय करियर

बेनेट ने 2010 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे अंतरराष्ट्रीय में पर्दापण किया। उन्होंने कीवी जर्सी में कुल 19 वनडे खेले, जिसमें 24.84 की औसत से 33 विकेट अपने नाम किए। साल 2020 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू करने वाले बेनेट ने 11 टी-20 खेले और 33.10 की औसत से 10 विकेट झटके। इसके अलावा बेनेट ने एक टेस्ट में न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व किया और कोई विकेट हासिल नहीं कर सके।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

बेनेट ने 2010 में भारत के खिलाफ अहमदाबाद में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। दिलचस्प बात यह है कि उनके साथ उस मैच में केन विलियमसन ने भी अपना टेस्ट डेब्यू किया था। फिलहाल 86 टेस्ट खेल चुके विलियमसन न्यूजीलैंड के नियमित कप्तान हैं।

घरेलू करियर

ऐसा है घरेलू करियर

बेनेट को 2011 विश्व कप के लिए चुना गया था, जहां उन्होंने चार मैच भी खेले थे। घरेलू करियर की बात करें तो बेनेट ने 2005 में कैंटरबरी के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पदार्पण किया था और 2015-16 सीजन के बाद वह वेलिंगटन चले गए थे। कुल मिलाकर, उन्होंने 79 फर्स्ट क्लास मैचों में 261 विकेट, 112 लिस्ट-A मैचों में 160 विकेट और 87 टी-20 में 78 विकेट लिए हैं।