Page Loader
GT बनाम KKR: विजय शंकर ने लगाया IPL करियर का चौथा अर्धशतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स   
विजय शंकर ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

GT बनाम KKR: विजय शंकर ने लगाया IPL करियर का चौथा अर्धशतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स   

Apr 09, 2023
06:14 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 13वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के विजय शंकर ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेलते हुए शानदार अर्धशतकीय पारी (63*) खेली है। यह उनके IPL करियर का चौथा अर्धशतक है। उनकी पारी की बदौलत GT ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 204 रन बनाए हैं। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही शंकर की अर्धशतकीय पारी 

जब GT ने 118 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया था, तब शंकर बल्लेबाजी के लिए आए थे। उन्होंने तेजी से रन बटोरे और महज 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 20वां ओवर फेंकने आए शार्दुल ठाकुर के खिलाफ लगातार 3 छक्के लगाकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। उन्होंने अंत तक खेलते हुए 24 गेंदों में 4 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 63 रन बनाए।

IPL 2023 

IPL 2023 में कैसा रहा है शंकर का प्रदर्शन?

यह शंकर का मौजूदा सीजन में पहला अर्धशतक है। उन्होंने IPL 2023 में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 27 रन बनाए थे। इसके बाद अपने दूसरे मुकाबले में उन्होंने 29 रन बनाए थे। उन्होंने इस सीजन में लगभग 60 की औसत से 119 रन बना लिए हैं। इस बीच उनकी स्ट्राइक रेट 175.00 का रहा है। वह ज्यादातर मौकों पर आखिरी ओवरों में बल्लेबाजी के लिए आए हैं और यही कारण है कि उनका स्ट्राइक रेट जबरदस्त रहा है।

रिकॉर्ड्स 

शंकर ने बनाए ये रिकॉर्ड्स 

यह GT की ओर से IPL करियर का सबसे तेज अर्धशतक हो गया है। यह इस सीजन का संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज अर्धशतक है। बता दें कि IPL 2023 में सबसे तेज अर्धशतक अजिंक्य रहाणे (19 गेंद) ने बनाया है। शंकर से तेज अर्धशतक वाले अन्य बल्लेबाज शार्दुल ठाकुर (20 गेंद) और जोस बटलर (20 गेंद) हैं। उन्होंने काइल मेयर्स (21 गेंद) की बराबरी की है। उन्होंने आज आखिरी दो ओवरों में 11 गेंदों में 41 रन बटोरे।

IPL करियर 

कैसा रहा है शंकर का IPL करियर?

शंकर ने 2014 में अपना पहला IPL मैच खेला था। उन्होंने अब तक 54 मैचों में लगभग 125 की स्ट्राइक रेट से 850 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने 4 अर्धशतक लगाए हैं। वह अब तक लीग में 55 चौके और 35 छक्के लगा चुके हैं। वह अब तक 13 बार नाबाद रहे हैं। गेंदबाजी में उन्होंने 8.67 की इकॉनमी रेट से 9 विकेट अपने नाम किए हुए हैं।