Page Loader
GT बनाम KKR: शुभमन गिल ने IPL में पूरे किए अपने 2,000 रन, जानिए आंकड़े 
शुभमन गिल ने IPL में पूरे किए अपने 2,000 रन (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

GT बनाम KKR: शुभमन गिल ने IPL में पूरे किए अपने 2,000 रन, जानिए आंकड़े 

Apr 09, 2023
04:56 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 13वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के शुभमन गिल ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेलते हुए अहम आंकड़ा छूआ है। उन्होंने अपने IPL करियर में 2,000 रन पूरे किए हैं और वह ऐसा करने वाले 48वें बल्लेबाज हैं। इसके साथ ही वह यह आंकड़ा छूने वाले दूसरे सबसे युवा बल्लेबाज भी बन गए हैं। आज के मुकाबले में वह 39 रन बनाकर आउट हुए। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही गिल की पारी 

पारी की शुरुआत करने आए गिल ने पॉवरप्ले में संभलकर बल्लेबाजी की। उन्होंने पहले विकेट के लिए रिद्धिमान साहा के साथ मिलकर 33 रन जोड़े। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए साई सुदर्शन के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। क्रीज पर टिक जाने के बाद गिल ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए। वह अपना अर्धशतक नहीं बना सके और 31 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें सुनील नरेन ने पवेलियन की राह दिखाई।

IPL 2023 

IPL 2023 में गिल का प्रदर्शन 

गिल इस सीजन में भी अच्छी लय में नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने पहले मैच में अर्धशतकीय पारी खेली थे। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ खेले उस मैच में उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए 36 गेंदों में 63 रन बनाए थे और GT ने वह मैच 5 विकेट से जीता था। इसके बाद अपने दूसरे मैच में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 14 रन बनाए थे।

IPL करियर 

शानदार चल रहा है गिल का IPL करियर 

गिल ने 2018 में IPL डेब्यू किया था और वह तब से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने लीग में 77 मैच में 32.51 की औसत से 2,016 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 96 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 15 अर्धशतक लगाए हैं। वह 202 चौके और 50 छक्के लगा चुके हैं। उन्होंने 23 साल 214 दिन की उम्र में 2,000 रन पूरे किए हैं। इस मामले में ऋषभ पंत (23 साल 27 दिन) पहले नंबर पर है।

आंकड़े 

गिल ने 74 पारियों में पूरे किए 2,000 रन 

गिल 2,000 रनों के आंकड़े को छूने वाले भारत की ओर से संयुक्त रूप से आठवें सबसे तेज बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 74 पारियों में यह आंकड़ा पार किया है। गिल से तेज यह आंकड़ा छूने वाले भारतीय केएल राहुल (60), सचिन तेंदुलकर (63), ऋषभ पंत (64), गौतम गंभीर (68), सुरेश रैना (69), वीरेंद्र सहवाग (70), अजिंक्य रहाणे (71) और श्रेयस अय्यर (71) हैं। गिल ने इस मामले में शिखर धवन (74) की बराबरी की है।