Page Loader
ग्लेन मैक्सवेल IPL में संयुक्त रूप से सर्वाधिक बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज बने
ग्लेन मैक्सवेल IPL में 17वीं बार हुए शून्य पर आउट (तस्वीर: एक्स/@IPL)

ग्लेन मैक्सवेल IPL में संयुक्त रूप से सर्वाधिक बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज बने

Apr 11, 2024
10:34 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 25वें मुकाबले में गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल निराशजनक रूप से शून्य पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके साथ ही उनके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। वह IPL इतिहास में संयुक्त रूप से सर्वाधिक बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वह विषम परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने आए, लेकिन खाता भी नहीं खोल पाए। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।

बराबरी

मैक्सवेल ने की इन खिलाड़ियों की बराबरी

शून्य पर आउट होने के साथ ही मैक्सवेल ने दिनेश कार्तिक और MI के रोहित शर्मा की बराबरी कर ली। ये दोनों खिलाड़ी भी 17-17 बार शून्य पर आउट हो चुके हैं। इस सूची में गुजरात टाइटंस (GT) के राशिद खान, MI के पीयूष चावला और पंजाब किंग्स (PBKS) के मनदीप सिंह (15-15) दूसरे और मनीष पांडे और अंबाती रायडू (14-14) तीसरे पायदान पर हैं। विशेष रूप से मैक्सवेल इस संस्करण में तीन बार शून्य पर आउट हो चुके हैं।

करियर

कैसा रहा है मैक्सवेल का IPL करियर?

मैक्सवेल ने साल 2012 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 130 मैच खेले हैं, जिसकी 126 पारियों में 25.24 की औसत और 156.40 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,751 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 95 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 18 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। वह लीग में अपने 3,000 रन पूरे करने के करीब हैं। वह ऐसा करने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बन सकते हैं।