
ग्लेन मैक्सवेल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने शानदार शतकीय (120*) पारी खेली।
यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 5वां शतक रहा, जिसे उन्होंने 50 गेंदों में पूरा किया।
इसके साथ ही वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की बराबरी की है।
आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
पारी
कैसी रही मैक्सवेल की पारी और साझेदारी?
ऑस्ट्रेलिया को 57 रन की कुल स्कोर पर मिचेल मार्श (29) के रूप में दूसरा झटका लगा था। उसके बाद मैक्सवेल बल्लेबाजी करने उतरे थे।
उन्होंने कुछ समय क्रीज पर बिताया और फिर तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया।
उन्होंने मार्कस स्टोइनिस (16) के साथ चौथे विकेट के लिए 82 और टिम डेविड (31) के साथ 95 रन की साझेदारी की।
वह 55 गेंदों में 12 चौके और 8 छक्कों की मदद से 120 रन बनाकर नाबाद रहे।
उपलब्धि
मैक्सवेल ने इन बल्लेबाजों को पछाड़ा
मैक्सवेल ने इस शतकीय पारी के साथ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शतक जड़ने के मामले में रोहित के बराबर पहुंच गए हैं।
इसके अलावा उन्होंने भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ दिया है। उनके नाम इस प्रारूप में 4 शतक है।
इसी तरह पाकिस्तान के बाबर आजम, न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो और चेक रिपब्लिक के सबावून डेविसी 3-3 शतकों के साथ तीसरे पायदान पर हैं।
मैक्सवेल की पारी के दम पर कंगारू टीम बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही।
उपलब्धि
मैक्सवेल ने टी-20 क्रिकेट में पूरे किए 9,500 रन
पारी का 32वां रन बनाते ही मैक्सवेल ने टी-20 क्रिकेट में अपने 9,500 रन पूरे कर लिए। उनके अब 9,588 रन पूरे हो गए हैं।
वह ऐसा करने वाले तीसरे कंगारू बल्लेबाज है। इस मामले में केवल डेविड वार्नर (11,800+) और आरोन फिंच (11,458) ही उनसे आगे हैं।
मैक्सवेल अपने 418वें टी-20 मैच में यह उपलब्धि हासिल की है। वह 6 शतक और 52 अर्धशतक जड़ चुके हैं। इस प्रारूप में उनके नाम 150 से अधिक विकेट भी हैं।
स्ट्राइक रेट
ऑस्ट्रेलिया के लिए टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक स्ट्राइक रेट
मैक्सवेल की टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अब स्ट्राइक रेट 155.26 की हो गई है, जो कम से कम 1,000 रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों में सबसे अधिक है।
चौंकाने वाली बात यह है कि किसी भी अन्य ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने सबसे छोटे प्रारूप में 150 से अधिक की स्ट्राइक रेट पर भी नहीं पहुंचा है।
सकल रूप से इस मामले में सूर्यकुमार 171.55 की स्ट्राइक रेट के साथ सूची में पहले स्थान पर जमे हुए हैं।
पहली बार
मैक्सवेल ने टी-20 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली बार बनाया 50+ स्कोर
यह पहला मौका है जब मैक्सवेल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 50 से अधिक रन का स्कोर किया है।
अब उनके केरेबियाई टीम के खिलाफ 7 मैचों में 191.30 की स्ट्राइक रेट से 176 रन हो गए हैं।
घरेलू मैदान पर अब उनके नाम 154.31 के औसत से 912 टी-20 रन हैं।
इस बीच, मैक्सवेल के अपने अन्य टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक इंग्लैंड, श्रीलंका क्रिकेट टीम और भारत (2) के खिलाफ बनाए हैं।
करियर
कैसा रहा है मैक्सवेल का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?
मैक्सवेल ने साल 2012 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी।
वह अब तक 102 टी-20 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 94 पारियों में 30.83 की औसत और 155.26 की स्ट्राइक रेट से 2,405 रन अपने नाम कर चुके हैं।
उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 145 रन का रहा है। वह इस प्रारूप में 5 शतक के अलावा 10 अर्धशतक भी लगा चुके हैं। वह 16 बार नाबाद भी रहे हैं।