गौतम गंभीर ने अजित अगरकर को दी भावुक विदाई, बोले- इतिहास उनके साथ ज्यादा न्याय करेगा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने पूर्व मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर को भावुक विदाई दी है। गंभीर ने सोशल मीडिया पर अगरकर के साथ काम करने के अनुभव को याद करते हुए उनके प्रति आभार जताया और टीम के लिए उनकी प्रतिबद्धता की जमकर सराहना की। गंभीर ने अगरकर के कार्यकाल में भारत की ओर से जीती गई तीन ICC ट्रॉफियों का भी जिक्र किया और कहा कि ये उनकी प्रतिबद्धता और दृढ़ विश्वास का प्रमाण हैं।
बयान
गंभीर ने क्या कहा?
अपने विदाई संदेश में गंभीर एक्स पर लिखा, 'प्रिय अजित भाई आपके साथ काम करना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही। भारत की 3 ICC ट्रॉफियां आपकी उस सोच का प्रमाण हैं, जिसमें हमेशा टीम सबसे पहले और टीम सबसे ऊपर रही। मुझे कहना होगा कि इतिहास आपके साथ ज्यादा न्याय करेगा। हर चीज के लिए आपका शुक्रिया। आपके भविष्य के सभी प्रयासों के लिए मेरी दिल से शुभकामनाएं।'
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें गंभीर ने अगरकर के लिए क्या लिखा
Dear Ajit Bhai, an absolute honour to work with you. Those 3 ICC trophies are testimony of your conviction: Team first & Team ahead, always.. I must say, History will be kinder to you. Thank you for everything. My heartfelt wishes for your future endeavours !! pic.twitter.com/gYQN0fea8X
— Gautam Gambhir (@GautamGambhir) October 7, 2026
गेंदबाज
2023 में बने थे अगरकर मुख्य चयनकर्ता
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज अगरकर जुलाई 2023 में भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता नियुक्त हुए थे और 4 अक्टूबर को उनका कार्यकाल पूरा हो गया।
उन्होंने 18 सितंबर को वार्षिक आम बैठक के बाद BCCI को बता दिया था कि वह अपने कार्यकाल का विस्तार नहीं चाहते।
उनकी अगुवाई वाली चयन समिति के दौरान भारत 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंचा। टीम ने 2024 टी-20 विश्व कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 टी-20 विश्व कप जीता।
विवाद
विवादों में भी रहे अगरकर
अगरकर का कार्यकाल जितना सफल रहा, उतना ही विवादों में भी रहा।
चैंपियंस ट्रॉफी जिताने के बाद रोहित शर्मा को वनडे की कप्तानी से हटाना उनके बड़े फैसलों में शामिल रहा।
इसी दौरान रविचंद्रन अश्विन, रोहित और विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास भी ले लिया।
शुभमन गिल को टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम का उपकप्तान बनाकर फिर टीम से बाहर करने के फैसले पर भी चर्चा हुई। वहीं, मोहम्मद शमी और अगरकर से जुड़ा विवाद भी सुर्खियों में रहा।
जगह
अगरकर की जगह कौन लेगा?
पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा फिलहाल चयनकर्ताओं की अंतरिम समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
उन्होंने न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम के चयन को लेकर हुई बैठक की अध्यक्षता की।
BCCI ने 5 सदस्यीय पुरुष चयन समिति में एक पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
चयन समिति में फिलहाल शिव सुंदर दास, अजय रात्रा और आरपी सिंह भी शामिल हैं। अगरकर के कार्यकाल के बाद नए चयनकर्ता की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है।