
पुर्तगाली सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो के इन रिकॉर्ड्स का टूटना है लगभग असंभव
क्या है खबर?
पुर्तगाली सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने फुटबॉल जगत में तहलका मचा रखा है। उन्हें फुटबॉल के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक के रूप में जाना जाता है।
रोनाल्डो फिलहाल रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। वह लगातार नए-नए रिकॉर्ड बना रहे हैं और लोगों को लगातार चौंका रहे हैं।
मैनचेस्टर यूनाइटेड और रियल मैड्रिड के लिए खेल चुके रोनाल्डो फिलहाल युवेंटस के लिए खेल रहे हैं।
रोनाल्डो के इन 5 रिकॉर्ड्स का टूटना लगभग असंभव है।
चैंपियन्स लीग
चैंपियन्स लीग के एक सीजन में सबसे ज़्यादा गोल
रोनाल्डो को चैंपियन्स लीग का बादशाह माना जाता है और आंकड़ें भी इसकी कहानी बखूबी बयां करते हैं।
चैंपियन्स लीग में रोनाल्डो सबसे ज़्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी हैं। इसके अलावा उनके नाम चैंपियन्स लीग के एक सीजन में सबसे ज़्यादा गोल दागने का रिकॉर्ड दर्ज है।
2013-14 सीजन में रोनाल्डो ने चैंपियन्स लीग में 17 गोल दागे थे और रियल मैड्रिड को खिताब जिताया था।
उनसे पीछे लियोनल मेसी हैं जिन्होंने 2011-12 में 14 गोल दागे थे।
खिताब
दो क्लबों के साथ हर क्लब और व्यक्तिगत अवार्ड जीतने वाले खिलाड़ी
रोनाल्डो ने मैनचेस्टर यूनाइटेड के साथ प्रीमियर लीग, चैंपियन्स लीग और क्लब वर्ल्ड कप के साथ ही बैलन डे ऑर भी जीता था।
इसके अलावा उन्होंने गोल्डेन बूट, वर्ल्ड प्लेयर ऑफ द ईयर और घरेलू खिताब भी जीते थे।
रियल मैड्रिड आने के बाद रोनाल्डो ने यहां भी सारे क्लब और व्यक्तिगत खिताब जीते हैं।
दो क्लबों के साथ हर एक खिताब जीतने वाले वह इकलौते खिलाड़ी हैं।
उनका यह रिकॉर्ड तोड़ पाना किसी के लिए भी लगभग असंभव होगा।
चैंपियन्स लीग गोल
लगातार सात चैंपियन्स लीग सीजन में 10 से ज़्यादा गोल
चैंपियन्स लीग में गोल दागना हर खिलाड़ी के लिए बड़ी बात है, लेकिन रोनाल्डो के लिए यह आदत सी बन चुकी है।
रोनाल्डो ने लगातार सात सीजन चैंपियन्स लीग में 10 से ज़्यादा गोल दागे हैं जो उनका इस प्रतियोगिता में दबदबा दिखाता है।
कोई भी अन्य खिलाड़ी चैंपियन्स लीग में लगातार दो सीजन से ज़्यादा यह कारनामा नहीं कर सका है जबकि यह प्रतियोगिता 60 सालों से ज़्यादा पुरानी है।
ला-लीगा
टॉप-5 लीग्स में लगातार छह सीजन 50 से ज़्यादा गोल
रोनाल्डो के नाम ला-लीगा में सबसे तेज 300 गोल दागने का रिकॉर्ड दर्ज है, लेकिन उनके नाम एक और रिकॉर्ड है जो वाकई में अदभुत है।
पुर्तगाली सुपरस्टार ने लगातार छह सीजन 50 से ज़्यादा गोल दागे हैं। लियोनल मेसी यह कारनामा केवल लगातार तीन सीजन ही कर सके हैं।
एक सीजन में 50 गोल दागना अदभुत होता है, लेकिन लगातार छह सीजन ऐसा करना जादूगरी है। रोनाल्डो का यह रिकॉर्ड निकट भविष्य में टूटता नहीं दिखाई दे रहा है।
रियल मैड्रिड
रियल मैड्रिड के लिए सबसे ज़्यादा गोल
रियल मैड्रिड के लिए नौ सीजन खेलने वाले रोनाल्डो ने 438 मुकाबलों में 450 गोल दागे थे और वह क्लब के ऑल टाइम टॉप-स्कोरर हैं।
रोनाल्डो से पहले क्लब के लिए सबसे ज़्यादा गोल राउल ने दागे थे। राउल ने 741 मुकाबलों में 323 गोल दागे थे। रोनाल्डो ने राउल से 127 गोल ज़्यादा दागे हैं।
वर्तमान समय में 31 वर्षीय करीम बेंज़ेमा 456 मुकाबलों में 214 गोल के साथ क्लब के तीसरे सबसे ज़्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी हैं।