Page Loader
चोट से उबरे रहाणे, मुंबई की टीम के साथ फिटनेस कैंप में लेंगे हिस्सा
मई में चोटिल हुए थे अजिंक्या रहाणे (तस्वीर: ट्विटर/@ajinkyarahane88)

चोट से उबरे रहाणे, मुंबई की टीम के साथ फिटनेस कैंप में लेंगे हिस्सा

लेखन Neeraj Pandey
Aug 21, 2022
03:54 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान चोटिल होने वाले अजिंक्या रहाणे अपनी चोट से उबर चुके हैं। अगले हफ्ते से वह मुंबई की टीम के साथ इंडोर प्रैक्टिस शुरु करेंगे। बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में होने जा रही इस फिटनेस कैंप में रहाणे का चयन हुआ है। रहाणे के अलावा 46 और क्रिकेटर्स को मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने कैंप के लिए बुलाया है। कैंप की शुरुआत सोमवार या मंगलवार से हो सकती है।

जानकारी

NCA से वापस आ चुके हैं रहाणे

मुंबई के मुख्य चयनकर्ता सलिल अंकोला के मुताबिक, रहाणे नेशनल क्रिकेट अकादमी से लौट आए हैं। उन्होंने आगे कहा, "वह अब अच्छे हैं और हाल ही में मेरी उनसे मुलाकात हुई थी। उनके जैसे सीनियर खिलाड़ियों की मौजूदगी से युवा खिलाड़ियों को फायदा मिलेगा।" फिटनेस कैंप के लिए मुंबई के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज आदित्य तरे को नहीं बुलाया गया है। तरे को विजय हजारे ट्रॉफी के लिए भी नहीं चुना गया था।

IPL 2022

IPL 2022 में खराब रहा था रहाणे का प्रदर्शन

IPL 2022 की नीलामी में रहाणे को कोलकाता नाइट राइडर्स ने उनके बेस प्राइस एक करोड़ रुपये में खरीदा था। शीर्ष क्रम के बल्लेबाज ने सीजन के पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 44 (34) रनों की पारी खेलकर अच्छी शुरुआत की थी। हालांकि, वह अपने प्रदर्शन को बरकरार नहीं रख सके थे। कुल मिलाकर उन्होंने सात मैचों में 19.00 की औसत और 103.91 की स्ट्राइक रेट से केवल 133 रन बनाए थे।

टेस्ट

टेस्ट टीम से बाहर कर दिए गए थे रहाणे

अजिंक्या रहाणे ने अपनी पिछली पांच टेस्ट सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन किया है। उन्हें मार्च में श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर कर दिया गया था। रहाणे ने 2021 में 13 मैचों में 20.82 की औसत से 479 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 67 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ सिर्फ दो अर्धशतक लगाए। उन्होंने इस साल दो टेस्ट में सिर्फ 17.00 की निराशाजनक औसत से 68 रन बनाए हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

रहाणे ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपनी पिछली टेस्ट सीरीज खेली थी, जिसमें 22.66 की औसत से 136 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक लगाया। रहाणे के उस सीरीज में स्कोर 48, 20, 0, 58, 9 और 1 रहे थे।