दूसरा टेस्ट: मजबूत स्थिति में पहुंची इंग्लैंड की टीम, ऐसा रहा तीसरे दिन का खेल
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन इंग्लैंड ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में उसने 3 विकेट खोकर 248 रन बना लिए थे।
दूसरी पारी में उनकी बढ़त 207 रनों की हो गई है। जो रूट (37*) और हैरी ब्रुक (71*) नाबाद हैं।
बेन डकेट और ओली पोप ने अर्धशतकीय पारी खेली।
आइए दिन के खेल पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
तीसरे दिन का लेखा-जोखा
मैच के तीसरे दिन वेस्टइंडीज की टीम ने 351 रन से आगे खेलना शुरू किया।
जोशुआ दा सिल्वा (82*), जोसन होल्डर (27) और शमर जोसेफ (33) की पारियों के दम पर वेस्टइंडीज की टीम ने पहली पारी में 111.5 ओवर में 457 रन बनाए।
टीम को पहली पारी के आधार पर 41 रन की बढ़त मिली।
दूसरी पारी में इंग्लैंड का पहला विकेट जल्दी गिर गया, लेकिन इसके बाद डकेट (76) और पोप (51) ने पारी को संभाल लिया।
जानकारी
ब्रुक ने लगाया 9वां अर्धशतक
ब्रुक ने मैच में 78 गेंद का सामना किया और 71* रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 91.03 की रही। यह उनके टेस्ट करियर का 9वां अर्धशतक रहा। पहली पारी में इस खिलाड़ी ने 36 रन की पारी खेली थी।
पहला
जोशुआ ने जड़ा इंग्लैंड के खिलाफ पहला अर्धशतक
जोशुआ ने मैच में 122 गेंद का सामना किया और 82* रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 67.21 की रही।
उन्होंने आखिरी विकेट के लिए जोसेफ के साथ 78 गेंद में 71 रन जोड़ दिए। जोशुआ का इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में यह पहला अर्धशतक है।
इंग्लैंड के खिलाफ जोशुआ का बल्ला खूब चलता है। उन्होंने 5 टेस्ट में 71.50 की औसत से 286 रन बनाए हैं।
अर्धशतक
डकेट ने लगातार दूसरी पारी में जड़ा अर्धशतक
डकेट ने दूसरी पारी में 92 गेंद का सामना किया और 76 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 82.61 की रही।
पहली पारी में भी इस खिलाड़ी ने सिर्फ 59 गेंद में 71 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 14 चौके निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 120.34 की रही थी। वेस्टइंडीज के खिलाफ डकेट ने 2 टेस्ट खेले हैं।
इसकी 3 पारियों में 50 की औसत के साथ 150 रन बनाने में कामयाब रहे हैं।
फॉर्म
पोप की शानदार फॉर्म जारी
पहली पारी में शानदार शतक जड़ने वाले पोप ने दूसरी पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी की और अर्धशतक लगाया। उन्होंने 67 गेंद का सामना किया और 51 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके निकले।
पोप के टेस्ट करियर का यह 13वां अर्धशतक रहा। पहली पारी में इस खिलाड़ी ने 167 गेंद का सामना किया था और 121 रन की पारी खेली थी।
उनके बल्ले से 15 चौके और 1 छक्का निकला था।
जानकारी
रूट ने जयवर्धने को पीछे छोड़ा
इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज रूट ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की, वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में 9वें स्थान पर आ गए हैं। इस खिलाड़ी ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी महेला जयवर्धने (11,814) को पीछे छोड़ा है।