Page Loader
इंग्लैंड बनाम भारत: एजबेस्टन में इन बल्लेबाजों के शतक के बावजूद भारतीय टीम को मिली हार
कोहली ने भी एजबेस्टन में लगाया था शतक (तस्वीर: एक्स/@ICC)

इंग्लैंड बनाम भारत: एजबेस्टन में इन बल्लेबाजों के शतक के बावजूद भारतीय टीम को मिली हार

Jun 26, 2025
01:32 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के इंग्लैंड दौरे की शुरुआत खराब रही। हेडिंग्ले टेस्ट में भारतीय टीम को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 5 विकेट से हार मिली। शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम से हेडिंग्ले टेस्ट में कुल 5 शतक लगे थे। अब सीरीज का दूसरा टेस्ट एजबेस्टन में खेला जाएगा। इस मैदान पर अब तक 4 भारतीय बल्लेबाज शतक जड़ चुके हैं। इस बीच एजबेस्टन के मैदान पर शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।

#1 

सचिन तेंदुलकर (122 रन बनाम इंग्लैंड, 1996)

पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर एजबेस्टन में शतक जड़ चुके हैं। उन्होंने 1996 में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में अपनी दूसरी पारी में 122 रन बनाए थे। उन्होंने अपनी पारी में 19 चौके और 1 छक्का लगाया था। वह पहली पारी में सिर्फ 24 रन ही बना सके थे। उस मैच में भारत को हार मिली थी। इस मैदान पर तेंदुलकर ने 2 मैच की 4 पारियों में 46.75 की उम्दा औसत के साथ 187 रन बनाए थे।

#2 

विराट कोहली (149 रन बनाम इंग्लैंड, 2018)

विराट कोहली ने 2008 में एजबेस्टन टेस्ट में अपनी पहली पारी में 149 रन बनाए थे। उनकी पारी की मदद से भारत ने 274 रन बनाए थे। टीम की कप्तानी करते हुए दूसरी पारी में उन्होंने 51 रन बनाए थे। उनकी उम्दा बल्लेबाजी के बावजूद भारत को उस टेस्ट में हार मिली थी। कोहली ने इस मैदान पर 2 मैच की 4 पारियों में उन्होंने 57.75 की उम्दा औसत के साथ 231 रन बनाए थे।

#3 

ऋषभ पंत (146 रन बनाम इंग्लैंड, 2022)

ऋषभ पंत को इंग्लैंड के खिलाफ बल्लेबाजी करना पसंद है। उन्होंने इस समय खेली जा रही टेस्ट सीरीज के पहले हेडिंग्ले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने का कारनामा किया था। उन्होंने 2022 के दौरे पर एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में 146 रन बनाए थे। उनके शतक की मदद से भारत ने पहली पारी में 416 रन बनाए थे। पंत ने उस टेस्ट की दूसरी पारी में अर्धशतक लगाया था।

#4 

रविंद्र जडेजा (104 रन बनाम इंग्लैंड, 2022)

2022 में जिस पारी में पंत ने शतक लगाया था, उसी पारी में रविंद्र जडेजा ने भी शतकीय पारी खेली थी। भारतीय ऑलराउंडर ने 13 चौकों की मदद से 104 रन बनाए थे। उस मैच में जडेजा और पंत के शतकों की बदौलत भारत ने पहली पारी में 416 रन बनाए थे। इसके बाद दूसरी पारी में भारत ने 245 रन बनाए थे। इंग्लैंड ने उस मैच में जीत के लिए मिले 378 रन के लक्ष्य को हासिल किया था।