Page Loader
इंग्लैंड बनाम भारत: लॉर्ड्स के मैदान पर दोनों टीमों का कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
लॉर्ड्स में भारत ने जीते हैं सिर्फ 3 टेस्ट (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

इंग्लैंड बनाम भारत: लॉर्ड्स के मैदान पर दोनों टीमों का कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े

Jul 07, 2025
04:02 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने एजबेस्टन टेस्ट को जीतकर सीरीज में फिलहाल 1-1 से बराबरी हासिल की है। जीत के लिए मिले 608 रन के पहाड़ से लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड क्रिकेट टीम की दूसरी पारी 271 रन पर सिमट गई। अब सीरीज का तीसरा मुकाबला 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जाएगा, जिसे जीतकर भारतीय टीम बढ़त लेना चाहेगी। इस बीच लॉर्ड्स में दोनों टीमों के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन 

भारत ने जीते हैं सिर्फ 3 टेस्ट 

भारत का लॉर्ड्स के मैदान में खराब प्रदर्शन रहा है। भारत ने इस मैदान पर 19 टेस्ट खेले हैं, जिसमें से 3 मैच जीते हैं और 12 हारे हैं। इसके अलावा 4 मैच ड्रा रहे हैं। भारत का इस मैदान पर सर्वोच्च स्कोर 454 रन है। वहीं, यहां पर सबसे कम स्कोर सिर्फ 42 रन है। भारत ने यहां पर अपना आखिरी टेस्ट 2021 में विराट कोहली की कप्तानी में जीता था।

इंग्लैंड 

ऐसा रहा है इंग्लैंड का प्रदर्शन

इंग्लैंड ने इस मैदान पर 148 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 60 में टीम को जीत मिली है और 38 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड के इस मैदान पर 52 मैच ड्रॉ पर भी समाप्त हुए हैं। इस मैदान पर उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 653 रन है। सबसे कम स्कोर की बात करें तो इंग्लिश टीम यहां 53 रन पर भी ढेर हुई है।

भारत 

इन भारतीय खिलाड़ियों ने किया है उम्दा प्रदर्शन

लॉर्ड्स में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय दिलीप वेंगसरकर हैं। उन्होंने 8 पारियों में 72.57 की औसत के साथ 508 रन बनाए हैं। राहुल द्रविड़ ने यहां 354 रन बनाए हैं। केएल राहुल ने 4 पारियों में कुल 152 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक शामिल है। गेंदबाजी में बिशन सिंह बेदी, कपिल देव और इशांत शर्मा ने 17-17 विकेट लिए हैं। मोहम्मद सिराज ने इकलौते मैच में कुल 8 विकेट लिए हैं।

इंग्लैंड 

इंग्लैंड से इन खिलाड़ियों ने किया है कमाल

इंग्लैंड के लिए इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन जो रूट ने बनाए हैं। उनके बल्ले से 22 मैच में 54.64 की औसत से 2,022 रन निकले हैं। उन्होंने यहां 7 शतक और इतने ही अर्धशतक लगाए हैं। ग्राहम गूच ने यहां 53.02 की औसत से 2,015 रन बनाए हैं। इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने यहां सबसे ज्यादा 123 विकेट लिए हैं। क्रिस वोक्स ने यहां 12.91 की औसत से 32 विकेट लिए हैं।