LOADING...
ओवल टेस्ट: भारतीय टीम से करुण नायर ने लगाया अर्धशतक, ऐसा रहा पहला दिन
नायर ने खेली उम्दा पारी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

ओवल टेस्ट: भारतीय टीम से करुण नायर ने लगाया अर्धशतक, ऐसा रहा पहला दिन

Aug 01, 2025
12:02 am

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ ओवल टेस्ट के पहले दिन के खेल की समाप्ति तक भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट खोकर 204 रन बनाए। मेहमान टीम की ओर से करुण नायर ने अर्धशतक लगाया। उनके अलावा साई सुदर्शन ने 38 रन की पारी खेली। स्टम्प्स की घोषणा तक क्रीज पर इस समय नायर (52) और वाशिंगटन सुंदर (19) बने हुए हैं। आइए पहले दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।

सलामी बल्लेबाज 

सस्ते में आउट हुए राहुल और जायसवाल 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की खराब शुरुआत रही। यशस्वी जायसवाल सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए। वह अपनी पिछली 4 पारियों में से 3 में दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके हैं। इसके बाद केएल राहुल 40 गेंदों का सामना करते हुए 14 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी का अंत क्रिस वोक्स ने किया। भारत ने 38 रन तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए।

गिल 

दुर्भाग्यपूर्ण ढगं से रन आउट शुभमन गिल 

नंबर-4 पर बल्लेबाजी के लिए शुभमन गिल से टीम को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। इस सीरीज में 740 से ज्यादा रन बना चुके गिल अच्छी लय में नजर आ रहे थे। हालांकि, अपनी ही गलती के चलते वह 21 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस छोटी सी पारी में 35 गेंदों का सामना किया और 4 चौके लगाए। भारत को 83 रन के स्कोर पर तीसरा झटका लगा।

जानकारी

टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बने गिल 

गिल किसी एक सीरीज में सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बने। उन्होंने सुनील गावस्कर का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि वेस्टइंडीज के खिलाफ गावस्कर ने 1978-79 में 9 पारियों में 91.50 की औसत के साथ 732 रन बनाए थे।

नायर 

नायर ने खेली उम्दा पारी

मध्यक्रम में साई सुदर्शन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। वह 38 रन बनाकर आउट हुए। पिछले टेस्ट में शतक जड़ने वाले रविंद्र जडेजा ने 9 रन और विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने 19 रन बनाए। लगातार गिर रहे विकेटों के बीच करुण नायर ने संघर्षपूर्ण पारी खेली। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने वाशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।

जानकारी

नायर ने लम्बे अंतराल के बाद 50+ स्कोर बनाया 

नायर ने 8 साल और 227 दिन के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना सिर्फ दूसरा 50+ रन का स्कोर बनाया। इससे पहले उन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ तिहरा शतक (303*) लगाने का कारनामा किया था।

गेंदबाजी

ऐसी रही इंग्लैंड की गेंदबाजी

क्रिस वोक्स ने 14 ओवर में 46 रन देते हुए 1 विकेट लिया। वह फील्डिंग करते हुए चोटिल हुए और मैदान से बाहर चले गए। जोश टंग के हिस्से में 2 सफलताएं आई। गस एटकिंसन ने भी 2 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने 19 ओवर में 31 रन दिए। जेमी ओवरटन कोई विकेट नहीं ले सके। उन्होंने अपने 16 ओवर में 66 रन दिए। बारिश के चलते पहले दिन 64 ओवर का ही खेल संभव हो पाया।