डरबन टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में बनाए 390 रन, ऐसा रहा दूसरा दिन
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ डरबन टेस्ट का दूसरा दिन ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के नाम रहा। मैट रेनशॉ की 190 रन की पारी की मदद से कंगारू टीम ने अपनी पहली पारी में 390 रन बनाए। इसके जवाब में मेजबान टीम ने दूसरे दिन के खेल की समाप्ति तक 27/1 का स्कोर बनाया। स्टंप्स तक क्रीज में फिलहाल डेविड बेडिंघम (12) और एडेन मार्करम (15) मौजूद हैं। आइए दूसरे दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।
पारी
दक्षिण अफ्रीका ने बनाया अच्छा स्कोर
पहले दिन के स्कोर 187/6 से आगे खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया को 210 के स्कोर पर 7वां झटका लगा। कप्तान पैट कमिंस 43 रन की पारी खेलकर आउट हुए।
पहले दिन 46 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर नाबाद रहने वाले रेनशॉ ने दूसरे दिन जोरदार पारी खेली। वह अपने टेस्ट करियर के दोहरे शतक से चूक गए। नाथन लियोन ने 27 रन का योगदान दिया।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से वियान मुल्डर ने 4 विकेट लिए।
रेनशॉ
रेनशॉ ने खेली 190 रन की पारी
रेनशॉ ने दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों का डटकर सामना किया और 213 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
उन्होंने विपक्षी टीम के गेंदबाजों को अपने विकेट के लिए तरसा दिया।
वह दूसरे दिन के आखिरी सत्र के दौरान आउट हुए। उन्होंने 397 गेंदों में 21 चौकों और एक छक्के की बदौलत 190 रन बनाए।
उनकी इस बेमिसाल पारी का अंत साइमन हार्मर ने किया। यह उनका अब टेस्ट में सर्वोच्च स्कोर बन गया।
रिकॉर्ड्स
रेनशॉ ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
रेनशॉ ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया। इससे पहले उन्होंने 2017 में शतकीय पारी खेली थी।
क्रिकबज के मुताबिक, रेनशॉ ने 9 साल और 280 दिन (3,567 दिन) के बाद टेस्ट में शतक लगाया। यह किसी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के लिए 2 टेस्ट शतकों के बीच तीसरा सबसे लंबा अंतराल है।
उनसे आगे इस सूची में वॉरेन बार्डस्ले (13 साल और 346 दिन, 1912-1926) और बॉब सिम्पसन (10 साल और 1 दिन, 1968-1978) का नाम आता है।
गेंदबाजी
ऐसी रही दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी
मेजबान टीम की ओर से मुल्डर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 27 ओवर में 68 रन देते हुए 4 सफलताएं हासिल की।
मार्को जानसेन के खाते में 3 विकेट आए। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 31 ओवर में 68 रन दिए।
तेज गेंदबाज एनरिक नोर्खिया ने 88 रन देते हुए 2 विकेट अपने नाम किए।
साइमन हार्मर के खाते में रेनशॉ के रूप में इकलौता विकेट आया।
केशव महाराज कोई विकेट नहीं ले सके।