डरबन टेस्ट: मैट रेनशॉ ने खेली 190 रन की पारी, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के मैट रेनशॉ ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ डरबन टेस्ट में 190 रन की पारी खेली। वह अपने टेस्ट करियर के पहले दोहरे शतक से चूक गए। इस बीच उन्होंने नाथन लियोन के साथ मिलकर निचले क्रम पर शतकीय साझेदारी भी निभाई। उनके दोहरे शतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में सभी विकेट खोकर 390 रन बनाए। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही रेनशॉ की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने जब 84 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब रेनशॉ क्रीज पर आए।
उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों का डटकर सामना किया और 213 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
उन्होंने विपक्षी टीम के गेंदबाजों को अपने विकेट के लिए तरसा दिया। वह दूसरे दिन के आखिरी सत्र के दौरान आउट हुए।
उन्होंने 397 गेंदों में 21 चौकों और एक छक्के की बदौलत 190 रन बनाए।
साझेदारी
रेनशॉ और लियोन ने साझेदारी में बनाए ये रिकॉर्ड्स
रेनशॉ ने लियोन के साथ मिलकर 9वें विकेट के लिए 134 रन की साझेदारी की।
यह अब टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की ओर से 9वें या उससे निचले विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है।
इस सूची में एश्टन एगर-फिल ह्यूज (163 रन बनाम इंग्लैंड, नॉटिंघम, 2013) और जे ब्लैकहम-एस ग्रेगरी (154 रन बनाम इंग्लैंड, सिडनी, 1894) की जोड़ी उनसे आगे है।
यह दक्षिण अफ्रीका में 9वें या उससे निचले विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।
रिकॉर्ड्स
रेनशॉ ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
रेनशॉ ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया।
इससे पहले उन्होंने 2017 में शतकीय पारी खेली थी।
क्रिकबज के मुताबिक, रेनशॉ ने 9 साल और 280 दिन (3,567 दिन) के बाद टेस्ट में शतक लगाया।
यह किसी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के लिए 2 टेस्ट शतकों के बीच तीसरा सबसे लंबा अंतराल है।
उनसे आगे इस सूची में वॉरेन बार्डस्ले (13 साल और 346 दिन, 1912-1926) और बॉब सिम्पसन (10 साल और 1 दिन, 1968-1978) का नाम आता है।
करियर
ऐसा है रेनशॉ का टेस्ट करियर
रेनशॉ ने 2016 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी।
उन्होंने अब तक 16 टेस्ट खेले हैं और इसकी 26 पारियों में 35.12 की औसत से 843 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 2 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं।
अपने प्रथम श्रेणी करियर में उन्होंने 8,300 से अधिक रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 200* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 27 शतक और 24 अर्धशतक लगाए हैं।