Page Loader
IPL डेब्यू से लेकर दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान बनने तक, ऐसा है पंत का सफर

IPL डेब्यू से लेकर दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान बनने तक, ऐसा है पंत का सफर

Mar 31, 2021
12:01 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14वें सीजन की शुरुआत 09 अप्रैल से होनी है, जिसमें पिछले सीजन की उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स अपने अभियान की शुरुआत 10 अप्रैल को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ करेगी। इस बार दिल्ली अपने नए कप्तान ऋषभ पंत की अगुवाई में चुनौती पेश करेगी। उन्हें बीते मंगलवार को IPL 2021 के लिए टीम की कमान सौंपी गई है। पंत के IPL में कप्तानी तक के सफर में एक नजर डालते हैं।

जानकारी

IPL में कप्तानी डेब्यू करेंगे पंत

बता दें कि पंत ने अब तक IPL में कप्तानी नहीं की है और वह इस सीजन कप्तानी में डेब्यू करेंगे। हालांकि, वह घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की टीम की कप्तानी कर चुके हैं।

IPL डेब्यू

2016 में पंत ने किया अपना IPL डेब्यू

ऋषभ पंत ने 2016 में अपना IPL डेब्यू किया था। उन्हें दिल्ली कैपिटल्स (तब की दिल्ली डेयरडेविल्स) ने 1.9 करोड़ रुपये में अपने साथ शामिल किया था। उन्होंने अपने पहले IPL सीजन में 10 मैचों में 24.75 की औसत से 198 रन बनाए थे। पंत को अंडर-19 स्तर पर उम्दा प्रदर्शन के बाद IPL में खेलने का मौका मिला था। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में अपना पहला IPL अर्धशतक लगाया था।

IPL 2018

IPL 2018 में किया शानदार प्रदर्शन ​

IPL 2018 पंत के लिए उनके करियर का सबसे बेहतर साल साबित हुआ। उन्होंने उस सीजन में 14 मैचों में 52.61 की जबरदस्त औसत से 684 रन बनाए थे। इस बीच पंत ने एक शतक और पांच अर्धशतक भी लगाए थे। ​ पंत ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 63 गेंदों में 128* रनों की पारी खेली थी, जो उस समय किसी भारतीय बल्लेबाज का IPL में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर था। हालांकि, IPL 2020 में यह रिकार्ड केएल राहुल ने अपने नाम किया।

IPL 2020

पिछले सीजन में पंत बने उपकप्तान

अपने डेब्यू सीजन से ही पंत दिल्ली फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े रहे। दिल्ली कैपिटल्स के टीम प्रबंधन ने उन पर भरोसा जताया और IPL 2020 में उन्हें उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी। वह UAE में खेले गए पिछले सीजन में श्रेयस अय्यर के डिप्टी नियुक्त किए गए। IPL 2020 में पंत ने 14 मैचों में 31.18 की औसत से 343 रन बनाए थे। उन्होंने पिछले सीजन में सिर्फ एक ही अर्धशतक लगाया था।

क्या आप जानते हैं?

IPL 2021 के सबसे युवा कप्तान हैं पंत

23 वर्षीय ऋषभ पंत IPL 2021 के सबसे युवा कप्तान हैं। उनके बाद राजस्थान रॉयल्स के संजू सैमसन (26 साल) दूसरे सबसे युवा कप्तान हैं। बता दें इस सीजन में एम एस धोनी (39 साल) सबसे ज्यादा उम्र के कप्तान हैं।

IPL 2021

IPL 2021 के लिए कप्तान बने पंत

पिछले दो सीजन से दिल्ली की कप्तानी करते आ रहे श्रेयस अय्यर भारत के लिए खेलते हुए चोटिल हो गए थे। इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे के दौरान फील्डिंग करते हुए अय्यर के बाएं कंधे में चोट लगी थी। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी में पंत को टीम की कमान सौंपी गई है। बता दें टीम में स्टीव स्मिथ, रविचंद्रन अश्विन और अजिंक्या रहाणे जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद पंत को कप्तान बनाया गया है।

जानकारी

ऐसा रहा है पंत का IPL करियर

पंत ने अपने अब तक के IPL करियर में 68 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 35 की औसत से 2,079 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक और 12 अर्धशतक भी लगाए हैं। वहीं विकेटकीपिंग में अब तक उन्होंने कुल 54 शिकार किए हैं।