Page Loader
IPL: चेन्नई सुपरकिंग्स के ऐसे रिकॉर्ड्स, जिसके बारे में आप शायद ही जानते होंगे 
5 बार IPL खिताब जीत चुकी है CSK की टीम (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL: चेन्नई सुपरकिंग्स के ऐसे रिकॉर्ड्स, जिसके बारे में आप शायद ही जानते होंगे 

Apr 14, 2024
06:00 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में जब किसी सफल टीम का जिक्र होगा, तब चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के नाम पर चर्चा होना निश्चित है। CSK हर सीजन में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए जानी जाती है और टीम ने 5 बार इस प्रतिष्ठित खिताब पर कब्जा जमाया है, जो संयुक्त रूप से सर्वाधिक है। इस बीच CSK के ऐसे रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं, जिसकी कम ही चर्चा होती है।

घरेलू मैदान

एक सीजन में सभी घरेलू मैच जीतने वाली पहली टीम

IPL में CSK का अपने घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम में दबदबा रहा है। कई विपक्षी टीमों को इस मैदान पर CSK को हराने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है। IPL 2011 में CSK ने इस मैदान पर अपने सभी 8 मैचों (फाइनल समेत) में जीत दर्ज की थी। वह लीग इतिहास में पहली ऐसी टीम बनी थी, जिसने अपने सभी घरेलू मैच जीतने में सफलता हासिल की हो।

पर्पल कैप 

सर्वाधिक पर्पल कैप जीतने वाली टीम है CSK

एक पुरानी खेल कहावत है कि टूर्नामेंट गेंदबाज जिताते हैं और CSK की सफलता में गेंदबाजों की अहम भूमिका रही है। CSK के गेंदबाज रिकॉर्ड 4 बार पर्पल कैप जीतने में सफल रहे हैं। इस फ्रेंचाइजी के दिग्गज तेज गेंदबाज ड्वेन ब्रावो ने 2013 और 2015 में पर्पल कैप प्राप्त की। इसके अलावा तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने 2014 में और लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने 2019 में इसे जीता था।

प्लेऑफ 

लगातार 10 प्लेऑफ खेलने वाली इकलौती टीम है CSK

CSK लीग इतिहास में एकमात्र फ्रेंचाइजी है, जिसने लगातार 10 प्लेऑफ खेले हैं। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में CSK ने 2008 से लेकर 2019 तक हर प्लेऑफ में जगह बनाई। कोई अन्य फ्रेंचाइजी इतने सीजन तक ऐसा नहीं कर पाई है। CSK सिर्फ 2 बार (2020 और 2022) में प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी है। दिलचस्प रूप से CSK ने प्रतिबंध के चलते 2 सीजन में (2016 और 2017) में हिस्सा नहीं लिया था।

चैंपियंस लीग 

ये उपलब्धि हासिल करने वाली इकलौती टीम है CSK

IPL में CSK ने 2010 में खिताब पर कब्जा जमाया था। उसी साल उन्होंने चैंपियंस लीग टी-20 का खिताब भी अपने नाम किया था। वह इतिहास में पहली ऐसी टीम बनी थी, जिन्होंने एक ही साल में ये 2 खिताब जीतने में सफलता हासिल की थी। इसके अलावा CSK की टीम 2014 में भी चैंपियंस लीग की विजेता रही थी। हालांकि, उस साल CSK ने IPL का खिताब नहीं जीता था और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) विजेता बनी थी।