इस साल सर्वाधिक टेस्ट रन वाले पाकिस्तानी बल्लेबाज हैं आबिद अली, जानें उनका टेस्ट करियर
क्या है खबर?
पाकिस्तान ने पहले टेस्ट में बांग्लादेश को आठ विकेट से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
जीत के लिए मिले 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने पांचवे दिन दो विकेट खोकर जीत हासिल की।
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज आबिद अली जीत के नायक रहे, जिन्होंने पहली पारी में शतक लगाया।
आबिद के टेस्ट करियर पर एक नजर डालते हैं।
प्रदर्शन
पहले टेस्ट में ऐसा रहा आबिद का प्रदर्शन
आबिद ने पहली पारी में टेस्ट पदार्पण कर रहे अब्दुल्ला शफीक के साथ मिलकर 146 रनों की निर्णायक साझेदारी की।
आबिद ने 282 गेंदों में 12 चौकों और दो छक्कों की मदद से 133 रन बनाए।
इसके बाद उन्होंने दूसरी पारी में 148 गेंदों में 91 रनों की आक्रामक पारी खेली।
दूसरी पारी में आबिद ने शफीक के साथ मिलकर 151 रनों की साझेदारी करके जीत में अहम भूमिका निभाई।
आंकड़े
आबिद ने पूरे किए अपने 1,000 टेस्ट रन
आबिद ने बांग्लादेश के खिलाफ दो शानदार पारियों में अपनी उपयोगिता सिद्ध की। उनके अब 15 टेस्ट में 49.60 की औसत से 1,141 रन हो गए हैं। उन्होंने पहली पारी के दौरान अंतरराष्ट्रीय करियर में चौथा टेस्ट शतक दर्ज किया।
वहीं दूसरी पारी में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपना तीसरा अर्धशतक लगाया।
आबिद ने रनों के मामले में पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज फैसल इकबाल (1,124) को भी पीछे छोड़ दिया है।
सफर
आबिद की कुछ उल्लेखनीय पारियों पर नजर
आबिद ने दिसंबर 2019 में श्रीलंका के खिलाफ अपनी पहली टेस्ट पारी में शतक (109*) लगाया था। इसके बाद उन्होंने दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में 174 रनों की उपयोगी पारी खेली।
आबिद ने अगली 14 पारियों के बाद अपना अगला अर्धशतक लगाया।
इसके बाद उन्होंने मई 2021 में जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 215 रनों की पारी खेली थी।
वहीं बांग्लादेश के खिलाफ आज समाप्त हुए टेस्ट में दो उपयोगी पारियां खेली हैं।
न्यूजबाइट्स प्लस
साल 2021 में फिलहाल सर्वाधिक टेस्ट रन वाले बल्लेबाज हैं आबिद
आबिद के लिए साल 2021 अब तक शानदार रहा है। वह मौजूदा साल में फिलहाल टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
उन्होंने 2021 में अब तक आठ टेस्ट में 50.46 की औसत से 656 रन बना लिए हैं।
इस बीच आबिद ने दो शतक और दो अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं।
कुल मिलाकर वह 2021 में छठे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।