Page Loader
DC बनाम RR: अभिषेक पोरेल ने जड़ा IPL करियर का पहला अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 
अभिषेक पोरेल का बल्ला जमकर बोला (तस्वीर: एक्स/@IPL)

DC बनाम RR: अभिषेक पोरेल ने जड़ा IPL करियर का पहला अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 

May 07, 2024
09:13 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 56वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बल्लेबाज अभिषेक पोरेल (65) ने शानदार पारी खेली। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ मैच में अपने IPL करियर का पहला अर्धशतक लगाया। अभिषेक मैच में सलामी बल्लेबाज के तौर पर आए थे और पहली गेंद से ही बड़े-बड़े शॉट लगाते हुए नजर आए। इस सीजन वह अच्छे फॉर्म में चल रहे हैं। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

साझेदारी

कैसी रही अभिषेक की पारी और साझेदारी? 

अभिषेक ने मैच में 36 गेंद का सामना किया और 65 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 180.56 की रही। इस खिलाड़ी ने पहले विकेट के लिए जैक फ्रेजर मैकगर्क के साथ सिर्फ 26 गेंद में 60 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने अक्षर पटेल के साथ 25 गेंद में 42 रन और ऋषभ पंत के साथ 20 गेंद में 34 रन जोड़े।

करियर

कैसा रहा है अभिषेक का IPL करियर?

अभिषेक ने अपना पहला IPL मुकाबला साल 2023 में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 16 मुकाबले खेले हैं और 3 बार नाबाद रहते हुए 27.27 की औसत से 300 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 150.57 की रही है। इस मुकाबले से पहले अभिषेक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 42 रन रहा था। IPL 2023 में इस खिलाड़ी ने 4 मैच में सिर्फ 33 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट सिर्फ 106.45 की रही थी।

प्रदर्शन

इस सीजन कमाल की फॉर्म में चल रहे हैं अभिषेक 

अभिषेक IPL 2024 में कमाल के फॉर्म में चल रहे हैं। इस युवा बल्लेबाज ने अपनी शानदार प्रतिभा से कई दिग्गज खिलाड़ी और क्रिकेट फैंस को अपना दीवाना बनाया है। उन्होंने इस सीजन अब तक 12 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 3 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 38.14 की उम्दा औसत और 158.93 की शानदार स्ट्राइक रेट से 267 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला है।

करियर

टी-20 क्रिकेट में कैसा रहा है पोरेल का प्रदर्शन? 

टी-20 क्रिकेट में अभिषेक ने अब तक 26 मुकाबले खेले हैं। इसकी 24 पारियों में 4 बार नाबाद रहते हुए वह 500 से ज्यादा रन बना चुके हैं। उनकी स्ट्राइक रेट लगभग 145 की रही है। उन्होंने अब तक अपने करियर में 3 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 73* रन रहा है। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 23 मैच खेले हैं और 33.50 की औसत से 1,072 रन बनाने में कामयाब रहे हैं।