LOADING...
क्रिस्चियन और उनकी पार्टनर को सोशल मीडिया पर दी गई गालियां, मैक्सवेल ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
डेनियल क्रिस्चियन और कोहली

क्रिस्चियन और उनकी पार्टनर को सोशल मीडिया पर दी गई गालियां, मैक्सवेल ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

लेखन Neeraj Pandey
Oct 12, 2021
01:29 pm

क्या है खबर?

बीती रात खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 के एलिमिनेटर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को हार का सामना करना पड़ा। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ टीम 139 रनों के लक्ष्य का बचाव नहीं कर सकी। मैच में 10 गेंदों में 29 रन खर्च करने वाले डेनिएल क्रिस्चियन को सोशल मीडिया पर लगातार गालियां पड़ रही हैं। इस पर उनके साथी खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

मामला

इंस्टा स्टोरी के जरिए क्रिस्चियन ने बताई गाली-गलौज की बात

37 साल के क्रिस्चियन को सुनील नरेन ने लगातार तीन छक्के लगा दिए थे और अधिकतर लोगों का मानना है कि इसी ओवर से मुकाबला RCB के हाथ से निकल गया। मैच के बाद क्रिस्चियन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर जानकारी दी है कि लोग उनकी पार्टनर के कमेंट सेक्शन में गाली-गलौज कर रहे हैं। क्रिस्चियन ने लोगों से अपील की कि उनके खराब प्रदर्शन को आधार बनाकर उनकी पार्टनर को गालियां मत दी जाएं।

प्रतिक्रिया

गालियां फैलाने की बजाय अच्छा इंसान बनने की कोशिश करिए- मैक्सवेल

मैक्सवेल ने ट्विटर पर लिखा कि सोशल मीडिया पर जो कूड़ा फैलाया जा रहा है वह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आगे लिखा, "हम इंसान हैं जो मैच दर मैच अपना बेस्ट दे रहे हैं। गालियां फैलाने की बजाय एक अच्छा इंसान बनने की कोशिश करिए। दुर्भाग्य से कुछ ऐसे भयानक लोग हैं जो सोशल मीडिया को रहने के लिए काफी भयानक जगह बना देते हैं। यह स्वीकार करने लायक नहीं है। कृप्या उनके जैसा मत बनिए।"

चेतावनी

साथी खिलाड़ी या दोस्त को दी गाली तो किए जाएंगे ब्लॉक- मैक्सवेल

इसके अलावा मैक्सवेल ने अपने साथी खिलाड़ी का समर्थन करते हुए कहा कि यदि कोई गाली देगा तो फिर उसे सारे लोग ब्लॉक करेंगे। उन्होंने लिखा, "यदि आप मेरे किसी साथी खिलाड़ी या दोस्त के लिए सोशल मीडिया पर गाली लिखेंगे या कुछ भी गलत चीज पोस्ट करेंगे तो आपको सभी लोग ब्लॉक करेंगे। ऐसा बुरा इंसान बनने का क्या मतलब है? इसके लिए कोई बहाना नहीं है।"

जानकारी

बेहद खराब था इस सीजन क्रिस्चियन का प्रदर्शन

4.8 करोड़ रुपये में खरीदे गए क्रिस्चियन ने इस सीजन नौ मैचों में केवल 14 रन बनाए और इस दौरान उन्होंने केवल 24 गेंदें ही खेलीं। गेंदबाजी में उन्होंने 9.30 की इकॉनमी के साथ केवल चार विकेट लिए।