Page Loader
IPL इतिहास में CSK का प्लेऑफ में कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 
CSK ने दूसरे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ के लिए किया क्वालीफाई (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL इतिहास में CSK का प्लेऑफ में कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 

May 22, 2023
05:07 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। इस बार चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK), गुजरात टाइटंस (GT), मुंबई इंडियंस (MI) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने में सफलता हासिल की है। मंगलवार (23 मई) को GT और CSK के बीच पहला क्वालीफायर खेला जाएगा। CSK ने 12वीं बार प्लेऑफ में अपनी जगह बनाई है। आइए CSK के प्लेऑफ के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

IPL 2023 

IPL 2023 में कैसा रहा CSK का प्रदर्शन?

IPL 2023 में CSK ने अपने 14 में से 8 मैच जीते हैं, जबकि 5 में उन्हें हार मिली है। इनके अलावा 1 मैच बारिश के कारण पूरा नहीं खेला जा सका था। CSK ने 17 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया था। बता दें कि लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के भी 17 ही अंक थे। हालांकि, CSK (+0.652) का नेट रन रेट LSG (+0.284) से बेहतर है।

रिकॉर्ड 

रिकॉर्ड 12वीं बार प्लेऑफ में बनाई जगह 

CSK लीग के इतिहास की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में से एक रही है। CSK ने 14 में से रिकॉर्ड 12वीं बार प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया। CSK ने आखिरी बार 2021 में प्लेऑफ में जगह बनाई थी। उस सीजन में CSK ने फाइनल मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को हराकर खिताब जीता था। बता दें, स्पॉट फिक्सिंग मामले में प्रतिबंध लगने के कारण CSK 2016 और 2017 में लीग का हिस्सा नहीं थी।

प्लेऑफ 

प्लेऑफ में 24 में से 15 मैच जीत चुकी है CSK 

अब तक CSK ने IPL प्लेऑफ में कुल 24 मैच खेले हैं, जिसमें से 15 में उन्हें जीत मिली है, जबकि 9 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। इन मैचों में CSK का सर्वोच्च स्कोर 222/5 रन रहा है, जो उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (तब की दिल्ली डेयरडेविल्स) के खिलाफ IPL 2012 में बनाया था। वहीं CSK का प्लेऑफ में सबसे कम स्कोर 162 रन का रहा है।

आंकड़े 

रैना ने बनाए हैं सर्वाधिक रन, ब्रावो ने झटके हैं सर्वाधिक विकेट 

CSK के लिए प्लेऑफ में सबसे ज्यादा रन सुरेश रैना ने बनाए हैं। पूर्व दिग्गज रैना ने इन मैचों में 41.88 की औसत और 159.64 की स्ट्राइक रेट से 712 रन बनाए हैं। उनके बाद इस सूची में महेंद्र सिंह धोनी (472) हैं। प्लेऑफ में CSK की ओर से सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड शेन वाटसन (118 बनाम SRH, IPL 2018) के नाम है। CSK से प्लेऑफ में सर्वाधिक विकेट ड्वेन ब्रावो (26) ने लिए हैं।

जानकारी

रैना ने लगाए हैं सर्वाधिक चौके और छक्के 

प्लेऑफ में CSK की ओर से सर्वाधिक चौके (51) और छक्के (40) भी रैना ने लगाए हैं। वहीं प्लेऑफ में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन का रिकॉर्ड डग बोलिंगर (4/13 बनाम RCB, IPL 2010) के नाम दर्ज है।

खिताब 

अब तक 4 खिताब जीत चुकी है CSK 

IPL इतिहास में CSK सबसे ज्यादा 9 फाइनल खेलने वाली टीम है। CSK ने धोनी की कप्तानी में 4 बार खिताब अपने नाम किए हैं। बता दें कि CSK ने IPL के 2010, 2011, 2018 और 2021 सीजन में खिताब पर कब्जा जमाया था। IPL में CSK से ज्यादा खिताब सिर्फ मुंबई इंडियंस (MI) के नाम दर्ज है, जो रोहित शर्मा के नेतृत्व में 5 बार चैंपियन बनी है।