चेन्नई सुपरकिंग्स के ट्विटर पर हुए 1 करोड़ फॉलोअर्स, फ्रेंचाइजी ने जताया आभार
चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने ट्विटर (X) पर फॉलोअर्स के मामले में मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को पीछे छोड़ दिया है। CSK ट्विटर (X) पर 1 करोड़ फॉलोअर्स वाली पहली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) टीम बन गई। CSK घर में खेले या बाहर, उसे कभी प्रशंसकों की कमी नहीं खलती। IPL 2023 महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी सीजन माना जा रहा था। ऐसे में CSK के सभी मुकाबलों में स्टेडियम में अधिकतर पीली जर्सी ही नजर आईं।
CSK ने 5 बार जीता IPL का खिताब
CSK और MI ने 5-5 बार IPL खिताब पर कब्जा जमाया है। दोनों टूर्नामेंट की सबसे सफल टीमें हैं। MI के ट्विटर पर 82 लाख, RCB के 68 लाख और कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के 52 लाख फॉलोअर्स हैं। 1 करोड़ फॉलोअर्स पूरे होने पर CSK ने एक छोटा सा वीडियो शेयर कर प्रशंसकों को धन्यवाद दिया है। इस वीडिया के कैप्शन में फ्रेंचाइजी की ओर से लिखा गया है, 'एक्स-ट्रीम येलोवे और दुनिया भर से सीटियों के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।'