भारतीय टीम में वापसी पर बोले भुवनेश्वर कुमार, कहा- पता नहीं चला कब बीत गए साल
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार लगभग 4 साल बाद भारत की जर्सी में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में खेलते हुए नजर आए। BCCI ने भुवनेश्वर की इस वापसी को लेकर एक खास वीडियो जारी किया है, जिसमें भारतीय तेज गेंदबाज ने अपनी भावनाएं साझा की हैं। भुवनेश्वर ने बताया कि वह जब टीम से बाहर चल रहे थे तब उनके ऊपर किसी तरह का दबाव नहीं था। इसी मानसिकता के साथ उन्होंने टीम में वापसी की है।
बयान
अपने देश से खेलना गर्व की बात- भुवनेश्वर
द रिटर्न ऑफ द चैंपियन शीर्षक वाले इंटरव्यू में भुवनेश्वर ने कहा, "अपने देश का प्रतिनिधित्व करने से बड़ा गर्व बहुत ही कम होता है। मैं वो फिर से पा रहा हूं, इसलिए बहुत खुश हूं। जिस मानसिक स्थिति में हूं, वो बहुत सरल है, कोई अपेक्षा नहीं है मुझे खुद से। पिछले 3-4 सालों में यही तरीका मेरे लिए काम करता रहा। कोई एक्सपेक्टेशन नहीं, बस अपना काम करते रहो।"
बयान
पता नहीं चला कब साल बीत गए- भुवनेश्वर
भुवनेश्वर ने बताया कि इन सालों में उन्होंने कभी टीम में वापसी को लेकर चिंता नहीं की।
उन्होंने कहा, "मैं जानता हूं कि मैं देश के लिए नहीं खेला, लेकिन जो चीजें मैंने करीं, उनसे मेरे अंदर परिपक्वता आई। उन्होंने यही सिखाया कि वर्तमान में रहो, आगे का नहीं सोचो। 4 साल मैंने कभी इस जर्सी का पीछा नहीं किया। मुझे पता भी नहीं चला कब वो साल बीत गए। इसमें IPL का बहुत बड़ा योगदान है।"
IPL
IPL में अपनी तैयारी में नहीं छोड़ी कोई कसर- भुवनेश्वर
भुवी ने IPL के प्रदर्शन को लेकर कहा, "जब मैं IPL में गया तो खुद से भी कोई उम्मीद नहीं थी। लेकिन तैयारी पूरी की थी फिटनेस, स्किल्स और मेंटल एस्पेक्ट सब कुछ। टीम के लिए योगदान देना था, लेकिन कभी नहीं सोचा था कि 2 साल में 2 खिताब मिल जाएंगे।"
IPL 2025 में उन्होंने RCB से खेलते हुए 28.41 की औसत के साथ 17 विकेट लिए थे। 2026 में उन्होंने 17.89 की औसत से 28 विकेट चटकाए थे।
वापसी
कैसी रही भुवनेश्वर की वापसी?
भुवनेश्वर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के 5वें टी-20 में वापसी की थी, लेकिन वो मैच बारिश के चलते नहीं खेला जा सका था।
भुवनेश्वर ने 3 साल और 340 दिन के अंतराल में 106 मैचों के बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय में वापसी की थी। इससे पहले उन्होंने नवंबर 2022 में अपना पिछला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी-20 में उन्होंने बिना कोई विकेट लिए 49 रन लुटाए।