Page Loader
CSK को बड़ा झटका, बेन स्टोक्स वर्क लोड के चलते IPL 2024 में नहीं खेलेंगे  
बेन स्टोक्स का पिछले सीजन में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था (तस्वीर: एक्स/@ICC)

CSK को बड़ा झटका, बेन स्टोक्स वर्क लोड के चलते IPL 2024 में नहीं खेलेंगे  

Nov 23, 2023
05:58 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2024 में होने वाले अगले सीजन से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने अगले सीजन में नहीं खेलने का निर्णय लिया है। स्टोक्स ने इसका कारण वर्क लोड को बताया है। स्टोक्स लीग के पिछले सीजन में बल्ले और गेंद दोनों से ही कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे। आइए इस खबर के बारे में और अधिक जानते हैं।

रिपोर्ट

CSK ने स्टोक्स को भारी भरकम कीमत पर खरीदा था 

स्टोक्स को CSK ने मेगा नीलामी में 16.25 करोड़ रुपये की भारी भरकम राशि खर्च कर अपने दल में शामिल किया था। हालांकि, वह अपनी कीमत के साथ न्याय नहीं कर पाए थे। स्टोक्स IPL नीलामी के इतिहास में संयुक्त रूप से तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी थे। वहीं CSK के लिए वह अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे हैं। उनसे पहले तेज गेंदबाज दीपक चाहर (14 करोड़ रुपये) CSK के सबसे महंगे खिलाड़ी थे।

रिपोर्ट

घुटने की सर्जरी कराएंगे स्टोक्स 

स्टोक्स के बाएं घुटने की सर्जरी होने वाली है और उसे ठीक होने में लगभग 2 महीने का समय लगेगा। इस बीच खबर यह भी है कि CSK प्रबंधन IPL 2024 में होने वाली लीग के लिए उनकी उपलब्धता को लेकर कोई भी जोखिम लेने को तैयार नहीं है। CSK मैनेजमेंट ने स्टोक्स के मैनेजर से इस बारे में बात की है, लेकिन बातचीत से कोई नतीजा सामने निकलकर नहीं आया है। ऐसे में CSK उन्हें रिलीज कर सकता है।

रिपोर्ट

पिछले IPL सीजन में खामोश रहा था स्टोक्स का बल्ला 

स्टोक्स पिछले सीजन में पूरी तरह से फिट नहीं थे। उसके बाद फिट होने के बाद भी वह फॉर्म से संघर्ष करते हुए नजर आए थे। वह 2 लीग मैचों में 7.50 की बेहद खराब औसत से महज 15 रन बना पाए थे। ऐसा नहीं है कि स्टोक्स ने पहली बार लीग से दूरी बनाई है। इससे पूर्व उन्होंने IPL 2022 संस्करण में भी मानसिक स्वास्थ्य का हवाला देते हुए दूरी बनाई थी।

रिपोर्ट

IPL में कैसे हैं स्टोक्स के आंकड़े? 

स्टोक्स ने IPL में 45 मैच खेले हैं और 133.95 की स्ट्राइक रेट और 24.61 की औसत से 935 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं। वह 6 बार नॉट आउट भी रहे हैं। स्टोक्स ने अपने IPL करियर में 81 चौके और 32 छक्के जमाए हैं। गेंदबाजी में स्टोक्स ने 45 मैच में 28 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/15 विकेट का रहा है। उन्होंने 8.64 की इकॉनमी से गेंदबाजी की है।

रिपोर्ट

वनडे विश्व कप 2023 में कैसा रहा है स्टोक्स का प्रदर्शन? 

स्टोक्स का प्रदर्शन वनडे विश्व कप 2023 में औसत ही रहा था। उन्होंने अब तक 10 मुकाबले खेले थे जिसमें 50.66 की औसत और 89.14 की स्ट्राइक रेट के साथ 304 रन बनाए थे। 108 रन के उच्चतम स्कोर के साथ उन्होंने टूर्नामेंट में 1 शतक और 2 अर्धशतक जमाए थे। टूर्नामेंट के इतिहास में उनका एकमात्र शतक इसी संस्करण में नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ आया था। स्टोक्स ने टूर्नामेंट में गेंदबाजी नहीं की थी।