Page Loader
महेंद्र सिंह धोनी की जर्सी नंबर-7 को BCCI ने किया रिटायर- रिपोर्ट
बेमिसाल रहा था धोनी का करियर (तस्वीर: एक्स/@ICC)

महेंद्र सिंह धोनी की जर्सी नंबर-7 को BCCI ने किया रिटायर- रिपोर्ट

Dec 15, 2023
09:38 am

क्या है खबर?

अब कोई भी भारतीय पुरुष क्रिकेटर नंबर-7 की जर्सी पहने हुए नजर नहीं आएगा। ऐसी खबर है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महेंद्र सिंह धोनी के योगदान को सम्मान देते हुए इस नंबर को रिटायर करने का फैसला किया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के रूप में उनके संन्यास लेने के 3 साल बाद BCCI ने ये निर्णय लिया है। बता दें कि इससे पहले सिर्फ सचिन तेंदुलकर के नंबर-10 को BCCI ने रिटायर किया था।

रिपोर्ट

अब नंबर-7 और 10 की जर्सी में नहीं दिखेंगे भारतीय खिलाड़ी 

BCCI ने तेंदुलकर की सिग्नेचर नंबर-10 जर्सी को 2017 में हमेशा के लिए रिटायर कर दिया था। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, BCCI ने राष्ट्रीय टीम के सदस्यों, विशेषकर पदार्पण करने वाले खिलाड़ियों को सूचित कर दिया है कि उनके पास तेंदुलकर और धोनी से जुड़े नंबरों का विकल्प नहीं है। ऐसे में सिर्फ इन 2 नंबरों को छोड़कर अन्य किसी भी नंबर के साथ भारतीय खिलाड़ी मैदान पर उतर सकते हैं।

आंकड़े

धोनी के अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर

धोनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में कुल 538 मैच खेले थे। उन्होंने 90 टेस्ट मैचों में 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए थे। टेस्ट में उनके नाम 1 दोहरा शतक, 6 शतक और 33 अर्धशतक दर्ज हैं। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 350 मैचों में 50.58 की औसत से 10,773 रन बनाए हैं, जिसमें उनके 10 शतक और 73 अर्धशतक शामिल रहे। टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 98 मैचों में 37.60 की औसत से 1,617 रन बनाए थे।

जानकारी

धोनी के विकेटकीपिंग के आंकड़े

धोनी विकेट के पीछे अपनी चपलता के लिए प्रसिद्ध रहे हैं। उन्होंने टेस्ट 256 कैच लिए और 38 स्टंपिंग की। वनडे में उन्होंने 321 कैच लिए और 123 स्टंपिंग की। इसके अलावा टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 57 कैच लिए और 34 स्टिंपिंग की।

कप्तानी

धोनी की कप्तानी में भारत ने जीते हैं 3 ICC खिताब 

धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 में टी-20 विश्व कप जीता था। उन्होंने युवा टीम को टी-20 प्रारूप में पहली बार विजेता बनाया था। 2011 में धोनी की कप्तानी में भारत ने 28 साल के इंतजार के बाद अपना दूसरा विश्वकप खिताब जीता। लगातार विदेशों में टेस्ट गंवाने और आलोचना झेलने के बावजूद धोनी की टीम ने 2013 चैंपियन्स ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था। वह ICC के तीनों खिताब जीतने वाले विश्व के पहले कप्तान हैं।

रिकार्ड्स 

धोनी के नाम दर्ज हैं ये खास रिकॉर्ड्स 

धोनी के नाम टेस्ट क्रिकेट में बतौर विकेटकीपर सबसे अधिक मैचों (60) में कप्तानी करने का रिकॉर्ड दर्ज है। दूसरे नंबर पर बांग्लादेश के मुशफिकुर रहीम हैं। वनडे में भी धोनी ने बतौर विकेटकीपर सबसे अधिक मैचों (200) में टीम की कमान संभाली है। दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के सरफराज अहमद हैं। बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी (183* रन बनाम श्रीलंका, 2005) के नाम वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है।