प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के चलते BCCI का बड़ा फैसला, IPL फ्रेंचाइजी अधिकारियों के साथ बैठक टली
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 15 अक्टूबर को मुंबई में होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी मालिकों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, प्रसारकों और मेजबान राज्य क्रिकेट संघों की बैठक स्थगित कर दी है। BCCI के अधिकारी गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसमें 2026 एशियाई खेल में क्रिकेट के स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष और महिला टीमों को सम्मानित किया जाएगा। इसी वजह से बैठक टालने का फैसला लिया गया।
सचिव
BCCI सचिव ने कही ये बात
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने हितधारकों को भेजे पत्र में बैठक स्थगित करने की वजह बताई।
उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री 15 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में हाल ही में संपन्न 20वें एशियाई खेल में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला टीमों को सम्मानित करेंगे।
सैकिया के मुताबिक, इस समारोह में BCCI अधिकारियों की उपस्थिति जरूरी होगी।
इसी कारण अधिकारियों के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए बैठक को स्थगित करने का फैसला लिया गया।
अनुरोध
अभी नहीं किया गया है नई तारीख का ऐलान
BCCI ने बताया कि विभिन्न हितधारकों ने भी बैठक को स्थगित करने का अनुरोध किया था, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें व्यक्तिगत रूप से शामिल हो सकें।
बोर्ड सचिव सैकिया ने कहा कि इन अनुरोधों और अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बैठक टालने का फैसला लिया गया है।
उन्होंने बताया कि बैठक की नई तारीख और स्थान की जानकारी उचित समय पर सभी संबंधित पक्षों को दे दी जाएगी।
रिपोर्ट
इस कारण होनी थी बैठक
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI ने IPL 2027 में 20वें सत्र में प्रवेश करने की तैयारी के मद्देनजर बैठक बुलाई थी।
बोर्ड ने कहा था कि लीग के 20वें सत्र के करीब पहुंचने पर सभी प्रमुख पक्षों के साथ संयुक्त बैठक करने का प्रस्ताव है।
इसमें IPL मैचों की मेजबानी करने वाले राज्य क्रिकेट संघों, फ्रेंचाइजी मालिकों, उनके मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और प्रसारकों को शामिल होना था।
समीक्षा
समस्याओं की समीक्षा भी होनी थी
सैकिया ने पत्र में बताया कि बैठक का उद्देश्य पिछले सत्रों के अनुभवों और समस्याओं की समीक्षा करना, शिकायतों का समाधान करना और 2027 के सत्र की तैयारियों पर चर्चा करना है।
कई सालों बाद BCCI ने IPL मैचों की मेजबानी करने वाले राज्य क्रिकेट संघों को भी बैठक में बुलाया था।
इसमें फ्रेंचाइजी मालिकों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और प्रसारकों से मेजबानी, मैदान की व्यवस्था और मैच के दिन तालमेल से जुड़े मुद्दों पर सुझाव मांगे गए थे।