
हैरी ब्रूक पर BCCI ने लगाया 2 साल का प्रतिबंध, नहीं खेल पाएंगे IPL
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की शुरुआत 22 मार्च से होने वाली है। आगामी संस्करण से ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) के हैरी ब्रूक ने अपना नाम वापस ले लिया था।
यह लगातार दूसरा ऐसा संस्करण था, जिससे इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज ब्रूक पीछे हटे थे। अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनपर 2 सालों का प्रतिबंध लगा दिया है।
ऐसे में आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
BCCI ने क्या कहा?
BCCI के एक अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा,"BCCI ने अपनी नीति के अनुसार ब्रूक पर 2 साल का प्रतिबंध लगाने के बारे में इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) और ब्रूक को आधिकारिक सूचना भेज दी है। पिछले साल IPL नीलामी के लिए अपना नाम पंजीकृत करने से पहले प्रत्येक खिलाड़ी को इसकी जानकारी दे दी गई थी। यह बोर्ड द्वारा निर्धारित नीति है और प्रत्येक खिलाड़ी को इसका पालन करना होगा।"
नियम
क्या कहते हैं नियम?
सितंबर 2024 में सभी फ्रेंचाइजी को लिखे एक नोट में IPL ने कहा था, "कोई भी विदेशी खिलाड़ी जो नीलामी के लिए पंजीकरण करता है और नीलामी में चुने जाने के बाद, सीजन की शुरुआत से पहले खुद को अनुपलब्ध कर देता है, उसे 2 सीजन के लिए IPL नीलामी में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।"
इसमें यह स्पष्ट तौर पर कहा गया था कि चोटिल होने की स्थिति में खिलाड़ी लीग से हट सकते हैं।
करियर
IPL 2023 खेले थे ब्रूक
IPL 2023 में ब्रूक ने SRH की ओर से 11 मैच खेले, जिसमें 21.11 की औसत और 123.38 की स्ट्राइक रेट से 190 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 1 शतक लगाया था।
शतकीय पारी खेलने के अलावा लगातार खराब प्रदर्शन के बीच उन्हें SRH ने 3 मैचों में नहीं मौका नहीं दिया था।
उन्होंने IPL 2023 में 23 चौके और 4 छक्के लगाए थे। वह अपनी कीमत (13.25 करोड़ रुपये) के साथ न्याय नहीं कर सके थे।
जानकारी
क्यों लिया ब्रूक ने यह फैसला?
ब्रूक को DC ने 6.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। इंग्लैंड क्रिकेट टीम हाल के दिनों में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई है। इस कारण ब्रूक अपना पूरा ध्यान अपनी टीम पर लगाना चाहते हैं। इसी कारण उन्होंने यह फैसला लिया है।