
IPL इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए सर्वश्रेष्ठ औसत वाले बल्लेबाजों पर एक नजर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 24वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 6 विकेट से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की।
DC की इस जीत में विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल (93*) की अहम भूमिका रही। इस दौरान उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया।
IPL में कम से कम 1,000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में अब लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी बल्लेबाजी औसत सर्वाधिक है।
आइए सर्वश्रेष्ठ औसत वाले बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।
#1
केएल राहुल - 50.37
IPL में कम से कम 1,000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में लक्ष्य का पीछा करते हुए सर्वश्रेष्ठ औसत के मामले में राहुल शीर्ष पर आ गए हैं।
उन्हाेंने 61 मैच की 58 पारियों में लक्ष्य का पीछा करते हुए 50.37 की औसत से 2,418 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 23 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 98 रन का रहा है।
उन्होंने अपने IPL करियर में 165 मैचों में 46.36 की औसत से 4,868 रन बनाए हैं।
#2
डेविड मिलर - 50.35
इस सूची में दूसरे पायदान पर डेविड मिलर हैं। उन्होंने अपने IPL करियर में 66 मैचों में लक्ष्य का पीछा किया है, जिसकी 62 पारियों में वह 50.35 की औसत और 142.54 की स्ट्राइक रेट से 1,712 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने 1 शतक के अलावा 12 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 101 रन का रहा है।
उन्होंने अपने IPL करियर में 135 मैचों में 36.31 की औसत से 3,014 रन बनाए हैं।
#3
शॉन मार्श - 42.40
इस सूची में तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज शॉन मार्श हैं।
उन्होंने अपने IPL करियर में 31 मैचों की 29 पारियों में लक्ष्य का पीछा करते हुए 42.40 की औसत और 137.48 की स्ट्राइक रेट से 1,060 रन बनाए हैं।
इस दौरान उन्होंने 11 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 95 रन का रहा है।
उन्होंने अपने पूरे IPL करियर में 79 मैचों में 40.72 की औसत से 2,810 रन बनाए हैं। इसमें 27 अर्धशतक शामिल है।
#4
शुभमन गिल - 40.07
इस सूची में चौथे नंबर पर गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान शुभमन गिल हैं।
उन्होंने IPL करियर में 55 मैचों की 53 पारियों में लक्ष्य का पीछा करते हुए 40.07 की औसत और 131.48 की स्ट्राइक रेट से 1,683 रन बनाए हैं। इसमें 1 शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 104 रन का है।
उन्होंने अपने IPL करियर में 108 मैचों में 37.79 की औसत से 3,364 रन बनाए हैं। इसमें 4 शतक भी शामिल है।