Page Loader
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टी-20 में न्यूजीलैंड को हराते हुए हासिल की अजेय बढ़त, ये बने रिकॉर्ड्स
ऑस्ट्रेलिया ने बनाई 2-0 से अजेय बढ़त (तस्वीर: एक्स/@BLACKCAPS)

ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टी-20 में न्यूजीलैंड को हराते हुए हासिल की अजेय बढ़त, ये बने रिकॉर्ड्स

Feb 23, 2024
02:57 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने दूसरे टी-20 मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 72 रन से हराते हुए 3 मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली। ऑकलैंड में खेले गए मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 174 का स्कोर बनाया। जवाब में मेजबान टीम 102 रन पर ही ढेर हो गई। अब सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 25 फरवरी को खेला जाएगा। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी कीवी टीम

ऑस्ट्रेलिया ने ट्रेविस हेड की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत पॉवरप्ले में 74/1 का स्कोर बनाया। हेड 22 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड से लॉकी फर्ग्यूसन ने उम्दा गेंदबाजी (4/12) करते हुए टीम को विशाल स्कोर से रोका। जवाब में न्यूजीलैंड से फिन एलन, विल यंग, मार्क चैपमैन और मिचेल सेंटनर दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। महज 29 रन तक 4 विकेट खो देने के बाद ग्लेन फिलिप्स (42) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।

फर्ग्यूसन

फर्ग्यूसन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

फर्ग्यूसन ने विपक्षी टीम के सलामी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (11) के रूप में अपना पहला विकेट चटकाया। इसके बाद उन्होंने जोश इंग्लिस (5), एडम जैम्पा (1) और जोश हेजलवुड (0) को अपना शिकार बनाया। उन्होंने अपने 3.5 ओवर में 12 रन देते हुए ये 4 सफलताएं हासिल की। ये उनका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हो गया। इसके साथ-साथ ये फर्ग्यूसन के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज हो गया।

उपलब्धि

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बने मैक्सवेल 

ग्लेन मैक्सवेल ने 4 गेंदों में 6 रन बनाए। उन्होंने अपनी छोटी से पारी में इकलौता छक्का लगाया। इस बीच वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने पूर्व कप्तान आरोन फिंच को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 125 छक्के लगाए थे। डेविड वार्नर ने 113 छक्के लगाए हैं और वह इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।

जैम्पा

जैम्पा ने भी चटकाए 4 विकेट 

एडम जैम्पा ने अपने 4 ओवर में 34 रन देते हुए 4 विकेट चटकाए। उन्होंने विपक्षी टीम के जोश क्लार्कसन (10) और एडम मिल्ने (0) को लगातार गेंदों पर आउट कर दिया। इसके बाद उन्होंने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे फिलिप्स (42) और ट्रेंट बोल्ट (16) को अपना शिकार बनाया। ये इस ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर का न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हो गया। जैम्पा के अब 22.65 की औसत से 91 विकेट हो गए हैं।

जानकारी

पैट कमिंस ने किया उपयोगी ऑलराउंड प्रदर्शन 

निचले क्रम में पैट कमिंस ने 22 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 28 रन बनाए। गेंदबाजी में उन्होंने 3 ओवर में 19 रन देते हुए विल यंग के रूप में इकलौता विकेट लिया। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।