Page Loader
एशियाई खेल: भारत ने गुरुवार को 3 स्वर्ण सहित जीते 5 पदक, जानिए कैसा रहा प्रदर्शन 
भारतीय तीरंदाजी टीम ने गुरुवार को शानदार प्रदर्शन किया (तस्वीर: एक्स/ @ianuragthakur)

एशियाई खेल: भारत ने गुरुवार को 3 स्वर्ण सहित जीते 5 पदक, जानिए कैसा रहा प्रदर्शन 

Oct 05, 2023
07:04 pm

क्या है खबर?

चीन के हांगझोउ में आयोजित हो रहे 19वें एशियाई खेल के 12वें दिन भारतीय टीम का दमदार प्रदर्शन जारी रहा। गुरुवार को भारतीय खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण सहित कुल 5 पदक अर्जित किए। अब टूर्नामेंट में भारत के कुल 86 पदक हो गए हैं। जिसमें 21 स्वर्ण, 32 रजत और 33 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत अंक तालिका में चौथे स्थान पर काबिज है। आइए गुरुवार को भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

स्वर्ण 

महिला तीरंदाजी टीम का कमाल 

भारतीय टीम ने गुरुवार को पहला पदक तीरंदाजी में अपने नाम किया। कंपाउंड राउंड में ज्योति, सुरेखा, अदिति गोपीचंद स्वामी और परनीत कौर ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने फाइनल मुकाबले में चीन के ताइपे को 230-228 के अंतर से हराया। इससे पहले भारतीय महिला खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल में इंडोनेशिया को 223-229 के स्कोर से हराया था। क्वार्टर फाइनल में भी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था और हांगकांग को 231-220 से मात दी थी।

जीत

दीपिका पल्लीकल और हरिंदर पाल की जोड़ी ने मचाया धमाल

भारत की दीपिका पल्लीकल और हरिंदर पाल सिंह संधू की जोड़ी ने गुरुवार को कमाल का प्रदर्शन करते हुए स्क्वैश मिश्रित युगल में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। उन्होंने मलेशिया की जोड़ी को सीधे गेम में मात दी। उन्होंने 35 मिनट तक चले मुकाबले को 11-10 और 11-10 से अपने नाम किया। दीपिका इससे पहले कांस्य पदक जीतने वाली महिला टीम का भी हिस्सा थी। अब एशियाई खेलों में उनके 6 पदक हो गए हैं।

कमाल

पुरुष कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने भी किया कमाल 

अभिषेक वर्मा, ओजस देवताले और प्रथमेश जावकर की जोड़ी ने पुरुष कंपाउंड तीरंदाजी में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाया। फाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया के खिलाफ टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और 235-230 के स्कोर से जीत दर्ज की। कोरिया भारत के सामने कहीं मुकाबले में नहीं था। एंड-3 पर कोरिया ने 28/30 का स्कोर बनाया, जबकि भारत परफेक्ट 30 का स्कोर बनाने में सफल रहा। भारत ने कोरिया को पछाड़ते हुए एंड-4 में 60/60 का स्कोर बनाया।

हॉकी

भारतीय महिला हॉकी टीम को मिली हार 

भारतीय महिला हॉकी टीम के हाथ गुरुवार को बड़ी नाकामी लगी। मेजबान चीन महिला हॉकी टीम के खिलाफ खेले गए महत्वपूर्ण सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को 4-0 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय महिला टीम अब कांस्य पदक जीतने के लिए मैदान पर उतरेगी। टूर्नामेंट में दक्षिण कोरिया और जापान के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच हारने वाली टीम कांस्य पदक के लिए भारत से भिड़ेगी।

जानकारी

सौरव घोषाल ने जीता रजत पदक

स्क्वैश के एक अन्य मुकाबले में सौरव घोषाल ने रजत पदक अपने नाम किया। उन्हें फाइनल मुकाबले में मलेशिया के इयान जो एनजी से ने 1-3 से हराया। इनके अलावा पंघाल ने मंगोलिया की बोलोरतुया बात ओचिर को हराकर कुश्ती में कांस्य पदक जीता।